पूर्व सीएम व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रविवार को जिला जन संवाद में कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। रमन ने आरोप लगाया कि हर महीने शराब दुकानों से 100 करोड़ की लूट हो रही है। ये अद्भुत सरकार है, जो शराब के पैसे से सरकार चलाना चाह रही है। रमन ने कहा कि बड़े शिक्षण संस्थानों में पेमेंट सीट से छात्रों के प्रवेश की बात सुनी थी, लेकिन यहां अधिकारियों के तबादले पेमेंट सीट के जरिए हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव और राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने जांजगीर जिले के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वर्चुअल सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रमन ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं से शराबबंदी का वादा किया था। 20 महीने होने को हैं। गली-गली में शराब बिक रही है। वे पहले भी विधानसभा में दावे के साथ कह चुके हैं कि शराब का 30 फीसदी हिस्सा अवैध होता है।
भ्रष्टाचार के धंधे में जाता है। उन्होंने हर महीने 100 करोड़ की अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि हर दुकान से खुलेआम पैसा निकल रहा है। ऐसी सरकार दुनिया में कहीं नहीं देखी है। रमन ने कहा कि कांग्रेस छल और झूठ से पूर्ण बहुमत से सरकार में आई और आते ही अपने वादों को तोड़ना शुरू किया। सरकार में नहीं थे तो कहते थे कि डॉ. रमन ने बोनस नहीं दिया, हम देंगे। सरकार बनने के बाद एक साल का बोनस दिया, फिर दूसरे साल का बोनस चार किस्तों में देने की बात करने लगे।दूसरी किस्त सितंबर में देंगे तो फिर से धान खरीदी का समय आ जाएगा।
लोगों को देश के आर्थिक हालात भी बताएं पूर्व सीएम : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने कहा कि उन्हें अपने भाषण में मोदी सरकार के कार्यकाल की नोटबंदी, जीएसटी से बिगड़े आर्थिक हालात व कोरोना संक्रमण की विफलता, आर्थिक संकट, बेरोजगारी, महंगाई के बारे में भी बताना चाहिए। तिवारी ने कहा कि अच्छे दिनों के झूठे वादे कर सत्ता पर काबिज मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब हो चुका है। स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश छह साल बाद भी लागू नहीं कर पाए। वहीं प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि डॉ. रमन सिंह 15 साल में शराब से हुई कमाई के अपने अनुभव बता रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/every-month-robbed-payment-seat-worth-rs-100-crore-transferred-from-liquor-raman-127410985.html
एक टिप्पणी भेजें