रानीसागर तालाब किनारे सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पीडब्ल्यूडी की ओर से हरे-भरे 84 पेड़ों को काटने एसडीएम से अनुमति मांगी गई है। शहर में इसका विरोध शुरू हो गया है और सामाजिक संगठनों के साथ ही प्रकृति प्रेमी लोग पेड़ों को बचाने सामने आ रहे हैं। शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय के गणित विभाग के एचओडी और जैव विविधता समिति के अध्यक्ष डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव ने कहा कि तालाब किनारे चौड़ीकरण की जरूरत ही नहीं है बल्कि इस सड़क की मरम्मत कराई जाए और सुबह कुछ टाइम के लिए नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया जाए ताकि लोग सुबह बेफिक्र होकर सैर-सपाटा कर सकें।
ग्रीन ट्रिब्यूनल प्राधिकरण की ओर से जैव विविधता समिति का गठन किया गया है। प्राधिकरण की ओर से श्रीवास्तव को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह समिति जैव विविधताओं के संरक्षण के दिशा में काम करती है। अध्यक्ष श्रीवास्तव का कहना है कि वे एसडीएम के समक्ष लिखित में आपत्ति दर्ज कराएंगे। बताया कि तालाब किनारे लगे पेड़ वर्षों पुराने हैं और आसपास के क्षेत्र में इनकी वजह से हरियाली रहती हैै। बताया कि समिति की ओर से शहरवासियों से आह्वान किया जा रहा है कि आपके आसपास जो भी जीव, जंतु और पेड़, पौधे हैं उनकी जानकारी समिति को दें और स्वयं संरक्षण की दिशा में काम करें। प्रोफेसर श्रीवास्तव ने पीडब्ल्यूडी को सलाह दी है कि रोड को सिंगल ही रहने दें और मरम्मत कार्य कराकर सड़क को सुरक्षित बना दें।
पेड़ों को कटने से बचाने रानी सागर के किनारे चलेगा हस्ताक्षर अभियान
सड़क चौड़ीकरण के लिए रानी सागर के किनारे 84 पेड़ों को काटने की तैयारी है। इसका खुलासा होने के बाद पर्यावरण प्रेमियों के साथ ही छात्र विरोध में उतर आए हैं। छात्र युवा मंच के द्वारा 13 जून को सुबह आठ बजे रानी सागर चौपाटी रोड पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। संयोजक नागेश यदु ने बताया कि शासन प्रशासन को जगाने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। प्रकृति प्रेमी, शहर वासियों को इस अभियान में जुड़ने की अपील उन्होंने की है। फिलहाल एसडीएम के पास अनुमति की फाइल गई हुई है। भाजयुमो के जिला मंत्री कमलेश सूर्यवंशी ने कहा कि रानी सागर के किनारे स्थित पेड़ों को काटकर रोड बनाने का यह निर्णय विभाग के उतावलेपन को दर्शाता है। नगर वासियों के साथ-साथ पर्यावरण प्रेमी और जनप्रतिनिधि भी इसके निर्माण का विरोध कर रहे हैं। वृक्ष हमारी घरोहर हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/rajnandgaon/news/84-trees-will-not-be-slaughtered-no-need-to-widen-the-road-127404504.html
एक टिप्पणी भेजें