जिले के आदिवासी अंचल डौंडी ब्लाॅक में पिछले कुछ दिनों से गौण खनिज रेत, गिट्टी, मुरुम व पत्थर का अवैध परिवहन किया जा रहा है। खनिज की चोरी व अवैध परिवहन क्षेत्र के रसूखदार लोगों द्वारा किया जा रहा है। रोजाना रेत, गिट्टी से भरी करीब सौ से अधिक ट्राॅलियां क्षेत्र से निकल रही है। इसके पीछे अवैध परिवहन करने वालों की मंशा यही है कि वे बारिश के सीजन में रेत सहित अन्य सामग्री को अधिक कीमत पर बेच सकें। इधर इस मामले में डौंडीलोहारा एसडीएम ऋषिकेश तिवारी का कहना है कि हमारा पूरा ध्यान कोरोना पर है जिसका ये लोग फायदा उठा रहे होंगे, मैं इसको दिखवा लेता हूं।
चोरी के इस खेल में कई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की भी मिलीभगत बताई जा रही है। इन तस्करों द्वारा क्षेत्र के भोलेभाले लोगों को ग्राम विकास समिति के नाम पर ट्रैक्टर वाले 300 और मेटाडोर वाले 4 सौ रुपए प्रति ट्रिप देने का लालच देकर रेत, मुरुम पत्थर का परिवहन कर रहे हैं। तस्करों की गाड़ियां मुख्यमार्ग से आने के बजाय ज्यादातर अंदरूनी और शॉर्टकट रास्ते का उपयोग करते है ताकि लोग समझ ना पाएं। डाैंडी नगर में बंधियापारा, रेस्टहाउस, भंडारीपारा, जवाहर पारा से रेत, पत्थर, मुरम, ईंट लेकर वाहन प्रवेश करता है।
कई गांवों में खनिज का स्टॉक करके रखे हैं: क्षेत्र के कई गांव में इन रेत तस्करों ने नदी, नालों से रेत निकाल कर भर्रीभाठा में कई ट्रिप रेत का स्टॉक कर रखे हैं ताकि बरसात के समय और ज्यादा दाम पर इसे बेच सकें। गौण खनिज की चोरी में लगे वाहन रात 3 बजे से ही अंदरूनी मार्ग से डौंडी ब्लाॅक के ग्राम पल्लेक्सा, धोबनी, सिंगनवाही, घोटिया, पचेड़ा, पेड्री, ठेमाबुजुर्ग, लीमुडी, सुरडोंगर, काड़े, लेनकसा, उरझे, कुंजकन्हार, डौंडी, नयापारा, टेमरियाटोला, उकारी सहित कई गांवों के राजस्व तथा वन क्षेत्र के नाले व नदियों में पहुंच कर दिनभर बेखौफ निकाल कर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।
चंदा हर महीने देते हैं इसीलिए नहीं पकड़ते
डौंडी से 7 से 10 किलोमीटर की दूरी पर आकर यही रेत डौंडी नगर में प्रति ट्रैक्टर 25 सौ रुपए, मेटाडोर में 35 सौ रुपए ट्रिप पर बेचा जा रहा है। इसके अलावा दल्ली राजहरा की दर्जनों वाहनें डौंडी क्षेत्र के खदानों से ही रेत निकालने में लगे हुए हैं। ट्रैक्टर तथा मेटाडोर वालों ने बताया कि हम जिन गाड़ियों की सेटिंग नहीं होती उनसे वसूली की जाती है। विभाग को केस सौंपने के नाम पर कई दिनों तक पुलिस थाने में गाड़ी खड़ी करा दी जाती है।
नदी में रेत भरते हुए ट्रैक्टर व मेटाडोर को पकड़ा था
डौंडी के रेंजर पुष्पेंद्र साहू ने कहा कि उनके कर्मचारी ने पिछले दिनों ठेमा बुजुर्ग गांव के नदी से रेत भरते हुए डौंडी तथा दल्ली के कुछ ट्रैक्टर और मेटाडोर को पकड़ा था और उन्हें मौके पर ही खाली कराकर वापस भेज दुबारा नहीं आने की चेतावनी दी गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/balod/news/theft-of-sand-and-ballast-sdm-said-our-focus-now-on-corona-127386785.html
एक टिप्पणी भेजें