छत्तीसगढ़ के पहले सीएम स्व. अजीत जोगी की आत्मा की शांति के लिए सोमवार को सागौन बंगले में सर्वधर्म प्रार्थना व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। राज्यपाल अनुसूइया उइके, सीएम भूपेश बघेल, स्पीकर डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद ज्योत्सना महंत सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक और बुद्धिजीवी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सभी ने जोगी के जीवन पर प्रकाश डाला। सभी ने पत्नी डॉ. रेणु जोगी, पुत्र अमित जोगी और बहु ऋचा से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
सीएम बघेल ने कहा कि पूर्व सीएम स्व. जोगी का जीवन हम सबको हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। संघर्ष, माटी के प्रति प्रेम और लक्ष्य प्राप्ति की उनकी लगन सबके लिए अनुकरणीय है। जोगी का जीवन अदम्य साहस से भरा हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में कभी हार नहीं मानी। राजनीति के इस सफर में उन्होंने अनेक उतार-चढ़ाव देखे, परंतु किसी ने उन्हें कभी भी टूटते-रुकते हुए नहीं देखा। हमने उन्हें हमेशा आगे बढ़ते हुए पाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि जोगी दृढ़ इच्छाशक्ति के धनी थे।
सपने साकार करने संकल्प लें : उइके
राज्यपाल उइके ने कहा कि जोगी ने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे छत्तीसगढ़ हमेशा याद करेगा। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित किया। हम इस अवसर पर उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लें।
संघर्षशील व्यक्तित्व थे जोगी : महंत
स्पीकर महंत ने कहा कि जोगी की पहचान एक संघर्षशील व्यक्तित्व के रूप में रही है। स्व. जोगी के तीन पितृ पुरूष रहे हैं प्रभु यीशू, कबीर साहेब और बाबा गुरूघासीदास। इन्होंने हमें सिखाया कि लव इज गॉड और इन्हें मानते हुए ही उन्होंने प्रदेश में गरीबों, अमीरों कोप्यार दिया।
संघर्ष-परिश्रम के अद्भुत संगम : रमन
पूर्व सीएम डॉ. रमन ने कहा कि जोगी संघर्ष और परिश्रम के अद्भुत संगम थे। उन्होंने सभी क्षेत्रों में ऊंचाई को हासिल कर अपनी दक्षता साबित की। उनके निधन से जो शून्यता आई है, उसे भर पाना मुमकिन नहीं है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/jogi-saw-many-ups-and-downs-in-life-but-no-one-saw-him-breaking-down-bhupesh-127462086.html
एक टिप्पणी भेजें