भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में तनाव बढ़ गया है। 15-16 जून को यहां हुई हिंसक झड़प में भारतीय सेना के एक अफसर समेत 19 जवान शहीद हो गए। इनमें छत्तीसगढ़ के गणेशराम कुंजाम भी शामिल हैैं। इस घटना के बाद पूरे देश में चीन के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क गया है। सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है तो लोगों ने सोशल मीडिया पर ही चाइनीज प्रोडक्ट्स का बहिष्कार करने मुहिम छेड़ दी है। केंद्र सरकार से भी मांग की जा रही है कि चीन की इस कायराना करतूत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। जानिए चीन के खिलाफ किसने क्या प्रतिक्रिया दी...
मुख्यमंत्री बघेल, राज्यपाल ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के गणेशराम कुंजाम तथा अन्य जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सेना के जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति दी है, मैं उन्हें नमन करती हूं। मेरी संवेदनाएं शहीद जवानों केे परिजनों के साथ है।
मरकाम बोले-देश की रक्षा में प्रदेश के बेटे का खून बहा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गलवान वैली के शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। मरकाम ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में छत्तीसगढ़ की माटी के बेटे ने अपना खून बहाया है। रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, रवि घोष, चंद्रशेखर शुक्ला, राजेंद्र तिवारी, रमेश वर्ल्यानी, आर पी सिंह ने भी शोक व्यक्त कर शहीदों के प्रति शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी है।
पाकिस्तान समझ चुका है चीन जल्द समझेगा: सोनी
सांसद सुनील सोनी ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह चीन की कायराना हरकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि शहीदों का लहू व्यर्थ नहीं जाएगा। हम अच्छे संबंध बनाना चाहते हैं। चीन को उकसाने का रास्ता छोड़ देना चाहिए। मुझे विश्वास है कि जैसे मोदी को पाकिस्तान ने समझ लिया, जल्द ही चीन भी समझ जाएगा।
अग्रवाल समाज ने चीनी वस्तुओं का किया बहिष्कार
छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज ने पुरानी बस्ती स्थित सामाजिक भवन में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही समाज ने चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के लिए मुहिम शुरू कर दी है। समाज के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हमारे समाज में व्यापारी वर्ग की संख्या ज्यादा है। उनसे भी अपील की गई है कि वे चीनी उत्पाद का बहिष्कार करें। समाजजनों से भी यही अपील की हैं।
शिवसेना ने शी जिनपिंग की फोटो फाड़कर जलाई होली
शिवसेना ने चीन के खिलाफ बुधवार को धरना स्थल में प्रदर्शन किया। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की फोटो फाड़कर उसकी होली जलाई और लोगों से भी अपील की कि वे चीनी वस्तुओं का इस्तेमाल न करें। सुनील कुकरेजा ने कहा कि चीन हर साल भारत से अरबों-खरबों रुपए कमाता है और उसका इस्तेमाल हमारे ही खिलाफ युद्ध में करना चाहता है। इस दौरान दिनेश ठाकुर, विकास ठाकुर मौजूद रहे।
शहादत ने कई सवाल खड़े किए, मोदी जवाब दें: त्रिवेदी
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समेत पूरा देश सेना के साथ है। भारतीय सीमा की रक्षा कर रहे एक एक जवान की जान कीमती है। एक शहादत भी देश की जनता को व्यथित करती है। इस शहादत ने कई सवाल खड़े किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता के सामने आकर देना इन सवालों के जवाब देना चाहिए। पीएम को बताना चाहिए कि चीनी सेना के भारत की सीमा में 60 किमी अंदर तक आने के बाद भी चीनी घुसपैठ से इनकार क्यों किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/tension-in-the-valley-anger-on-china-pledged-to-take-revenge-for-martyrdom-through-boycott-127421740.html
एक टिप्पणी भेजें