भारत-चीन सीमा पर 10 दिन पहले शहीद हुए जवानों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी। इसको लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में सलाम दिवस मना रही है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ है, लेेकिन उनकी मंशा गलत है। इसलिए हम शहीदों की याद में शहादत दिवस मना रहे हैं। गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में 22 जवान शहीद हो गए थे।
सीएम बघेल ने पूछा-जवानों को निहत्थे सीमा पर क्यों भेजा
कांग्रेस के स्पीक अप इंडिया कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेेल ने सवाल किया, आखिर सीमा पर जवानों को निहत्थे क्यों भेजा गया? मोदी सरकार ने चीन को भारतीय जमीन पर कब्जा क्यों करने दिया? इस मसले पर मोदी सरकार मौन क्यों हैं? मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हम शहीदों को सलाम करते हैं, उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हैं, लेकिन बात जब हमारे वीर जवानों की होगी तो मैं चुप नहीं रहूंगा।
मेयर बोले- क्या आप चीन को मुंहतोड़ जवाब नहीं दे पा रहे
रायपुर में हुए सलाम दिवस में महापौर एजाज ढेबर ने कहा, देश के प्रधानमंत्री ने कायराना परिचय दिया है। गृहमंत्री, विदेश मंत्री या फिर प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं हुआ है, फिर हमारे जवान कैसे शहीद हो गए। जब पाकिस्तान से लड़ाई हुआ था, तब प्रधानमंत्री ने बहुत बड़ी-बड़ी बातें कही थी। अब हम सब प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं, क्या आप चाइना को मुंहतोड़ जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
और टाउनहॉल में मौन श्रद्धांजलि
वहीं दूसरी ओर टाउनहॉल में शहर और प्रदेश कांग्रेस समिति ने मौन रहकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसमें विधायक सत्यनारायण शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व मेयर प्रमोद दुबे सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। हालांकि महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने बैठे ये तमाम नेता और कार्यकर्ता कोरोना का प्रोटोकॉल भूल गए। एक-दूसरे से छह इंच की भी दूरी नहीं थी। ये मास्क तो लगाए थे, लेेकिन कई नेताओं के गले में लटक रहा था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/ladakh-galwan-valley-martyr-salute-day-today-latest-news-updates-chhattisgarh-congress-workers-paid-tribute-in-raipur-127449329.html
एक टिप्पणी भेजें