जोगी के करीबी ज्ञानेंद्र के प्रवेश से कांग्रेस में फूट, पेंड्रा ब्लॉक के पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा, सीएम नाराज

जनता कांग्रेस सुप्रीमो स्व. अजीत जोगी के निधन के बाद मरवाही में उनके प्रतिनिधि रहे ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। दूसरी तरफ, ज्ञानेंद्र के कांग्रेस प्रवेश करते ही मरवाही जिले में कांग्रेस में फूट पड़ गया है। स्थानीय नेताओं ने बगावत कर दिया है। मरवाही जनपद के जिला एवं ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों के इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। मरवाही के जनपद पंचायत उपाध्यक्ष के साथ ही जिला एवं ब्लॉक के सभी पदाधिकारियों ने तत्काल पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता को इस्तीफा सौंप दिया है। स्थानीय नेताओं के इस विरोध से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नाराज हैं।
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं को सीएम ने फटकार भी लगाई है। पेंड्रा-गौरेला- मरवाही जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता के साथ जिले के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से 11 जून को मुलाकात करके अपना पक्ष रखेंगे।
अमित ने किया भावुक पोस्ट : दूसरी तरफ, 2018 में अजीत जोगी द्वारा अपने बेटे के जन्मदिन पर लिखी एक कविता को अमित जोगी ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया है। अमित ने लिखा है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में पापा की मुझे लिखी ये कविता सदैव संबल देती रहेगी। इसमें लिखा है कि शंखनाद हो चुका है, युद्ध प्रारम्भ है, मैं सारथी बनकर, तुम्हारा रथ चला रहा हूं। वत्स, ऐसे बाण चलाना, शत्रु बच ना पाये, विजयश्री हमारे चरण चूमें, आज आशीर्वाद लो, बढ़ चलो, रूकना मत, सफर लंबा है, युद्ध कठिन है, ऐसा कौशल दिखाना, सब परास्त हो जाय।

पीसीसी चीफ और स्पीकर को भी भेजा पत्र
जिले एवं ब्लॉक के पदाधिकारियों ने पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्पीकर डॉ चरणदास महंत को भेजे पत्र में कहा कि ज्ञानेंद्र कांग्रेस के विरोधी रहे हैं। ज्ञानेंद्र मरवाही विधायक स्व. अजीत जोगी के विधायक प्रतिनिधि रहे हैं। उनकी पार्टी कांग्रेस की विरोधी है। हम सभी उनके कांग्रेस प्रवेश से क्षुब्ध एवं निराश हैं। इसलिए हम पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। बता दें कि ज्ञानेंद्र ने दोपहर 12 बजे राजीव भवन में कांग्रेस उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन और विनोद तिवारी की उपस्थिति में कांग्रेस प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने सीएम हाउस जाकर सीएम बघेल से भी आशीर्वाद लिया। दो दशक से सक्रिय राजनीति कर रहे ज्ञानेंद्र इस क्षेत्र से जनपद अध्यक्ष और मंडी अध्यक्ष रह चुके हैं। कांग्रेस में रहते हुए ये विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। भंवर सिंह पोर्ते के समय से चुनाव में सक्रिय ज्ञानेंद्र मरवाही में अब तक 7 विधानसभा और लोकसभा का सफल संचालन कर चुके हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/jogis-close-gyanendras-entry-sparks-congress-pendra-block-officials-resign-cm-angry-127394259.html

Post a Comment

और नया पुराने