राज्यमें लगातार बढ़ते पुलिस कर्मियों के खुदकुशी के मामलों को देखते हुए पुलिस विभाग ने अब उनकी नियमित काउंसिलिंग करने का निर्णय लिया है। इसके लिए स्पंदन नाम से योजना शुरू की गई है। इसके तहत जवानों का डिप्रेशन दूर किया जाएगा।
योजना के तहत कैम्पों में मनोवैज्ञानिक, म्यूजिक थेरेपी, योग, शिक्षा, खेलकूद, पुस्तकालय की व्यवस्था की जाएगी। ताकि पुलिस कर्मियों की मानसिक स्थिति को बेहतर रखा जा सके। हर महीने में 2 बार स्पेशल इंटरेक्टिव प्रोग्राम इसके तहत चलाया जाएगा।
5 थानों में शुरू कर दी गई है जवानों की काउंसिलिंग
सोमवार को स्पंदन योजना के तहत मोहन नगर, जामुल,छावनी,उतई और पाटन थाने से इसकी शुरुआत की है। एसएसपी अजय यादव ने शहर के थानों की जिम्मेदारी एएसपी सिटी रोहित झा और ग्रामीण के थानों के स्टॉफ की काउंसलिंग एएसपी लखन पटले को सौंपी है। एएसपी ग्रामीण ने पाटन और उतई थाना के पुलिसकर्मियों के संवाद किया। प्रतिदिन थाने में एक घंटा खेल में बिताने की सलाह दी गई।
वर्क ओवरलोड व हेक्टिक शैड्यूल से हैं परेशान
अधिकारियों के मुताबिक थानों में स्टॉफ की कमी और विवेचकों की संख्या कम होने की वजह से जवानों के पास ज्यादा काम रहता है। हेक्टिक शैड्यूल के कारण उनके व्यवहार में चिढ़ चिढ़ा पन आ जाता है। परिवार की चिंता और समय नहीं बिता पाने की वजह से कई बार पारिवारिक समस्या उनपर हावी हो जाती है। संकोच वश कई जवान आर्थिक समस्या का भी जिक्र नहीं कर पाते है। इन सभी समस्याओं की वजह से जवान डिप्रेशन में चले जाते है। अवसाद की असर उनके काम पर पड़ता है।
हर मंगल और शुक्रवार को होगा जवानों से संवाद
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि मंगलवार और शुक्रवार को थाने में गणना होने के बाद टीआई सभी स्टॉफ के साथ संवाद करेंगें। थाने में एक रजिस्टर भी रखा जाएगा। जिसमें जवानों की समस्या लिखी जाएंगी। जिससे उनका समय पर निराकरण किया जा सके। अवसाद ग्रस्त जवानों को डॉक्टरों के पास भी काउंसलिंग के लिए भेजा जाएगा। योजना के तहत पुलिसकर्मियों को योगा के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना है। इसे लेकर पूरी प्लानिंग कर ली गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bhilai/news/couples-running-in-depression-will-be-counseled-127437090.html
एक टिप्पणी भेजें