छत्तीसगढ़ के धमतरी में कोविड-19 के खिलाफ जंग लड़ रहे कोराेना वाॅरियर्स के लिए महिलाएं राखियां बना रही हैं। ये राखियां 3 अगस्त को होने वाले रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उनकी कलाई पर बांधी जाएंगी। खास बात यह है कि यह राखिया थीम बेस्ड हैं। कोरोना काल के दौरान काम कर रहे अलग-अलग विभागों के लोगों के लिए उनकी ड्यूटी और सेवाओं पर आधारित कर इन्हें बनाया जा रहा है।
गोबर और बांस से बनाई जाएंगी 10 हजार राखियां
धमतरी के छाती गांव स्थित मल्टी यूटिलिटी सेंटर में स्व सहायता समूह की महिलाएं गोबर और बांस का उपयोग कर ये राखियां बना रही हैं। पुलिस विभाग की राखी में तिरंगा, स्वास्थ्य विभाग की राखी में रेड क्रॉस का प्रतीक, स्वच्छ भारत मिशन की राखी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का चश्मा और अन्य विभागों की राखियों में भी प्रतीकात्मक स्वरूप अंकित किया जा रहा है। इनसे स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के 10 हजार से अधिक भाइयों की कलाई सजेंगी।
हर विभाग की ओर से राखियों के लिए दिया गया है ऑर्डर
जिला पंचायत सीईओ नम्रता गांधी ने बताया कि ये राखियां कोविड वॉरियर्स को समर्पित हैं। अब तक पुलिस व पंचायत विभाग के लिए एक-एक हजार, स्वास्थ्य विभाग के लिए 2 हजार, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लिए 3500, महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 2 हजार और आदिवासी विकास विभाग के लिए करीब 500 राखी के ऑर्डर मिल चुके हैं। इसके अलावा अन्य विभागों और गैर सरकारी संगठन भी ऑर्डर दे रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/raksha-bandhan-2020-date-kab-hai-rakhi-being-made-for-corona-warriors-chhattisgarh-dhamtari-127507853.html
एक टिप्पणी भेजें