मेडिकल कॉलेजों में पीजी की खाली 65 सीटों में एडमिशन के लिए 31 सीटों पर आवंटन सूची जारी की गई थी। यह सूची रद्द कर दी गई है। हाईकोर्ट ने एक इन सर्विस केटेगरी के छात्र को काउंसिलिंग में माैका देने को कहा है। इसलिए आवंटन सूची रद्द करनी पड़ी है। अब नए सिरे से ऑनलाइन पंजीयन 28 जुलाई की रात 11.59 बजे तक होगा। 29 मई को नई आवंटन सूची जारी की जाएगी। एडमिशन की आखिरी तारीख 31 जुलाई रहेगी। 31 जुलाई तक एडमिशन नहीं होने पर खाली सीटें लैप्स हो जाएंगी।
मापअप राउंड के दूसरे चरण में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन का रविवार को आखिरी दिन था। सोमवार को आवंटन सूची जारी कर दी गई थी, लेकिन ऐनवक्त हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद सूची रद्द करनी पड़ी। ऐसा पहली बार हुआ है कि मापअप राउंड के लिए 65 सीटें खाली रह गई हैं। हालांकि इनमें 25 सीटें एक निजी मेडिकल व बाकी 40 सीटें चार सरकारी मेडिकल कॉलेजों की हैं। नेहरू मेडिकल कॉलेज रायपुर में जनरल सर्जरी, एनीस्थिसिया व पैथोलॉजी की सीटें खाली हैं। इस बार पीजी की काउंसिलिंग विवादों में रहा है। यही कारण है कि पहली आवंटन सूची रद्द करनी पड़ी। इसके बाद गरीब सवर्णों यानी ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित सीटों का मामला हाईकोर्ट में फंसा रहा। वहां से एडमिशन देने के फैसले के बाद 15 दिनों पहले आवंटन सूची जारी की गई। गरीब सवर्णों के लिए कुल 16 सीटें थीं, जो भर नहीं पाई हैं।
कुछ छात्रों को ऑर्थोपीडिक से रेडियो डायग्नोसिस की सीटें मिली हैं। हालांकि पहली आवंटन सूची में जिस छात्र को रेडियो डायग्नोसिस मिला था, उसे बाद में ऑर्थोपीडिक मिल गया। यही नहीं एक छात्रा को पीडियाट्रिक मिला था, लेकिन दूसरी बार कोई सीट नहीं मिल पाई। अब हाईकोर्ट ने निजी कॉलेज में दूसरे राज्यों के कॉलेजों में एमबीबीएस पढ़े छात्रों को पीजी में एडमिशन देने का फैसला दिया है। कॉलेज ने याचिका दायर कर इस संबंध में मांग की थी। कॉलेज को आशंका थी कि केवल छग के कॉलेजों में एमबीबीएस करने वाले छात्रों से पीजी की सीटें भरी नहीं जा सकती। डीएमई कार्यालय के प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र तिवारी ने बताया कि अब दूसरे राज्यों से एमबीबीएस करने वाले केवल निजी मेडिकल की खाली सीटों पर एडमिशन ले सकते हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लिए इस बात की बाध्यता है कि छात्र छग के मेडिकल कॉलेज में ही अध्ययन किया हो। नई आवंटन सूची 29 जुलाई को जारी की जाएगी।
जनरल सर्जरी व पैथोलॉजी की तीन सीटें भी खाली
रायपुर में पीएसएम की तीन, पैथोलॉजी की दो व जनरल सर्जरी की एक सीट खाली है। कार्डियक सर्जन डॉ. कृष्णकांत साहू व हिमेटाेलॉजिस्ट डॉ. विकास गोयल का कहना है कि सर्जरी व पैथोलॉजी की सीटें भरने की संभावना है। आजकल नॉन क्लीनिकल सीटें पर एडमिशन कम हो रहा है, लेकिन इस बार इन सीटों पर अच्छा खासा एडमिशन हुआ है। भिलाई के निजी मेडिकल कॉलेज में 26 में केवल एक सीट पर एडमिशन हुआ है। दरअसल वहां सभी सीटें नॉन व पैरा क्लीनिकल की हैं। यही कारण है कि सरकारी ही नहीं निजी मेडिकल कॉलेजों की नॉन क्लीनिकल सीटों पर एडमिशन के लिए छात्र रूचि नहीं दिखा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/allocation-of-31-out-of-65-vacant-seats-of-medical-pg-complete-list-canceled-after-some-time-127559746.html
एक टिप्पणी भेजें