पत्नी ने पति को पीट-पीटकर मार डाला और पुलिस से कहा- दुर्घटना में हुई मौत

अब तक आपने पति के द्वारा पत्नी की पीट-पीटकर हत्या के कई मामले सुने होंगे, लेकिन जिले में पहला मामले सामने आया है, जिसमें पत्नी ने पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौत होने पर उसे दुर्घटना बता दिया। वहीं हत्या का खुलासा पीएम रिपोर्ट से सामने आया है। इसमें डाॅक्टर ने बताया कि मृतक की पसली टूटने और किडनी में चोट लगने के कारण मौत हुई है।
पति की हत्या कर उसे वाहन दुर्घटना बताने वाली महिला को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जलियाडांड़ का है। मृतक गंभीर हालत में 12 जुलाई की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले का खुलासा पीएम रिपोर्ट से हुआ, जिसमें डॉक्टर ने मौत का कारण मारपीट से पसली टूटना और गुर्दा प्लीहा में चोट आना बताया। पुलिस ने ग्रामीणों के बयान पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
11 जुलाई की शाम ग्राम जलियाडांड के सरनापारा में 55 वर्षीय मृतक मोहनलाल उर्फ मोहरलाल और उसकी पत्नी चंद्ररेखा के बीच मारपीट हुई थी। गांव के सरपंच मोहर सिंह के घर के पास दोनों की इस मारपीट में महिला ने अपने पति को जमीन पर पटक दिया था और चप्पल और पैर से उसकी पिटाई की थी। इससे आहत मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद महिला और उसके परिजन ने एक दिन बाद 12 जुलाई की शाम मृतक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कार्रवाई कर पीएम कराया।
इस दौरान परिजन ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मृतक घायल हुआ है। इधर पीएम रिपोर्ट मिलने पर मामला हत्या का सामने आया, जिस पर पुलिस ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बयान पर मृतक की पत्नी चंद्ररेखा को हिरासत में ले लिया। गुरुवार को पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/ambikapur/news/wife-beat-her-husband-to-death-and-told-police-died-in-an-accident-127522568.html

Post a Comment

और नया पुराने