शहर के कई इलाकों में मंगलवार की दोपहर बारिश हुई। सुबह की शुरूआत हल्की धूप के साथ हुई मगर इसके बाद मौसम में आए बदलाव ने शहर को भिगाया। तेज हवाएं भी चलती रहीं। भकरापारा इलाके में भी देर तक बारिश होती रही। रायपुर के एमजी रोड पर भी तेज बारिश की वजह से ट्रैफिक थम सा गया। राजधानी में करीब 45 मिनट तक मुसलाधार बारिश के बाद हल्के फुहारें पड़ती रहीं।
मौसम विभाग का अनुमान
प्रदेश के मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक 14 जुलाई, 15 जुलाई, अौर 16 जुलाई को कई हिस्सों में भारी बारिश, बिजली कड़कने और तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। रायपुर शहर में अगले 24 घंटों में आसमान बादलों से भरे रहने और बारिश होने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अब तक प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है।
धमतरी में हालात
जिले में एक जून से अब तक 414.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी विकासखण्ड में 524.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, मगरलोड विकासखण्ड में सबसे कम 335.4 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है। इसी तरह नगरी विकासखण्ड में 423.3 मिलीमीटर और कुरूद विकासखण्ड में 374.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
महासमुंद में 585.2 मिमी बारिश
जिले में अब तक 585.2 मिमी तक बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक आनेे वाले दो दिनों तक जिले में बारिश के आसार हैं। मंगलवार को जिले में 5.6 मिमी की औसत वर्षा दर्ज की गई। महासमुंद तहसील में 10.0 मि.मी., पिथौरा तहसील में 2.0 मि.मी., सरायपाली तहसील में 9.2 मि.मी. एवं बसना तहसील में 7.0 मि.मी बारिश दर्ज की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/chhattisgarh-rain-weather-forecast-monsoon-today-latest-news-updates-raipur-rajnandgaon-districts-127511308.html
एक टिप्पणी भेजें