पुलिस मुख्यालय में गुरुवार से किसी को भी सीधे एंट्री नहीं मिलेगी। आम लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को भी अपाइंटमेंट लेना होगा। आला अफसरों की मंजूरी के बाद ही एंट्री मिलेगी। पुराने पुलिस मुख्यालय के आधा दर्जन से ज्यादा अफसरों-जवानों में कोरोना का संक्रमण मिलने के बाद डीजीपी डीएम अवस्थी ने सुरक्षा के लिहाज से अब मुख्यालय में प्रवेश के लिए अपाइंटमेंट जरूरी कर दिया है। उन्होंने नए पुराने पुलिस मुख्यालय के एक-एक अफसर और जवान का कोरोना टेस्ट करवाने के निर्देश भी दे दिए हैं।
पुराने पुलिस मुख्यालय में पुलिस के तीन ऑफिस चल रहे हैं। तीनों में घंटी ड्यूटी और अफसरों के कमरे की सफाई करने वाले स्टाफ की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पूरे महकमें में खलबली मची है। तीनों ऑफिस के स्टाफ किसी न किसी काम से एक दूसरे के ही नहीं, नए पुलिस मुख्यालय में भी आते-जाते हैं। इस वजह से सुरक्षा को लेकर डीजीपी सख्त हो गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों की जांच का जिम्मा आईजी रायपुर व इंटेलिजेंस चीफ आनंद छाबड़ा को सौंपा है। पुलिस मुख्यालय में हालांकि पिछले एक महीने से आला अफसरों से मिलने आने वालों को सैनिटाइज करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। अब अपाइंटमेंट की अनिवार्य कर दिया गया है। आला अफसरों के अनुसार पुलिस मुख्यालय में ज्यादातर दूसरे जिलों से लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं। उनकी शिकायत सुने बिना लौटना गलत होगा। पुलिस मुख्यालय में पिछले दिनों एक स्टाफ को काेरोना पॉजिटिव निकला था। उसके बाद केवल एहतियात के लिए रेंडम जांच करवायी गई थी।
रिपोर्ट आते ही दफ्तर सील, पूरे स्टाफ से पूछताछ
पुराने पुलिस मुख्यालय के तीन-तीन ऑफिस में पॉजिटिव केस मिलने के कुछ देर के भीतर ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम पहुंच गई। पूरे स्टाफ को ऑफिस परिसर के गार्डन में बुलाकर वहां एक-एक से पूछताछ की गई कि काैन-कौन पॉजिटिव आने वाले स्टाफ के संपर्क में आया। पॉजिटिव आने वाले पिछले दो-चार दिनों से लगातार किसके संपर्क में रहे। उनकी पूरी हिस्ट्री रिकार्ड की गई। देर शाम तक पूछताछ की प्रक्रिया चल रही थी। पुराने पुलिस मुख्यालय परिसर के एक हिस्से में राजस्व मंडल और रोजगार पंजीयन कार्यालय है। पूरे परिसर को कंटनेमेंट जोन बनाए जाने के कारण ये दोनों ऑफिस भी अब कोरोना को लेकर जारी गाइड लाइन के अनुसार सील रहेंगे।
संपर्क सामने आना जरूरी: डीजीपी
डीजीपी डीएम अवस्थी ने बताया कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए बचाव जरूरी है। इसीलिए अब अनावश्यक किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उचित कारण बताने पर अपाइंटमेंट देकर मुलाकात की जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग जगह संपर्क में आने वालों की जानकारी भी सामने लाई जाएगी।
पीडब्लूडी में भी खलबली
पीडब्लूडी विभाग में भी एक ठेकेदार के कोरोना पॉजिटिव होने से खलबली मची हुई है। शनिवार को राजधानी के एक होटल में विभाग के ही एक अफसर की विदाई पार्टी हुई थी। इस पार्टी में पीडब्लूडी के ईएनसी समेत कई बड़े अधिकारी शामिल हुए थे। इसी पार्टी में कोरोना पॉजिटिव आने वाला ठेकेदार भी था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/now-everyones-corona-test-in-police-headquarters-people-will-get-admission-only-after-appointment-127469103.html
एक टिप्पणी भेजें