सोनवर्षा और उजियारपुर पंचायतों से होकर गुजरी हुई नदियों में पुलिया बनाने की मांग ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री को आवेदन देकर की है।
मनेन्द्रगढ़ ब्लाॅक के ग्राम पंचायत उजियारपुर में हल्फली नदी पर सुखनंदन घाट में पुलिया और सोनवर्षा ग्राम पंचायत में बोधनघाट, फ्टटीनाला व तीखुरघोषा नाला में पुलिया निर्माण की स्वीकृति कराने की मांग हाल ही में कोरिया जिला के दौरे पर आए प्रभारी मंत्री डहरिया को आवेदन देकर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने की है। बता दें कि नदियों पर पुलिया निर्माण की मांग बीते दो दशक से की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद 15 साल तक भाजपा सरकार में भी इस गांव में पुलिया का निर्माण नहीं हो सका, अब लोगों को कांग्रेस की सरकार से आस बनी हुई है। बिना पुलिया के राधारमण नगर, भरहिडीह, बशेर, तर्रा, केवराबेहरा, भैंसवार जैसे छह से अधिक गांव का संपर्क मुख्यालय से कट जाता है। बरसात के दिनों में नदियों में बाढ़ आने पर ग्रामीण जान-जोखिम में डालकर नदियों को पार करते हैं। इससे कई बार बहने का भी खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं पुलिया के अभाव के कारण जब कोई बीमार पड़ता है तो गांव तक एम्बुलेंस भी नहीं पहुंच पाती। इससे समय पर इलाज नहीं होने पर मौत भी हो जाती है। बरसात में नदियांे के उफान में रहने की वजह से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी कई दिनों तक स्कूल नहीं पहुंच पाते। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
हर बार सिर्फ आश्वासन ही
उजियारपुर सचिव धनेश्वर राय ने बताया 2001 में मांग करने के बाद जिपं सीईओ निधि छिब्बर व 2006 में कलेक्टर सहला निगार ने उक्त नदियों पर पुलिया बनाने सर्वे कराया था। इसके बाद से जब भी मांग की जाती है, विभाग के लोग आते हैं और सर्वे कर चले जाते है। ग्रामीणों के पूछने पर जल्द ही बनेगा कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/barbaspur/news/build-bridges-on-the-rivers-passing-through-sonavarsha-ujiarpur-127522583.html
एक टिप्पणी भेजें