शहर सौंदर्यीकरण कार्य के तहत दूध नदी को स्वच्छ और जिंदा रखने नदी तट के दोनों ओर पाथ-वे बनाने की योजना को अमली जामा पहनाने नदी तट से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हो गया है। पहले दिन शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने 5 मकान तोड़े। तोड़फोड़ दस्ते की माने तो रोज अतिक्रमण हटाया जाएगा।
बरदेभाट में बने दूध नदी पुल से पुराना बस स्टेंड, स्टापडैम से होकर भंडारीपारा स्टापडैम तक तीन किमी में दोनों ओर पाथ-वे बनाया जाना है। इसके लिए शुक्रवार को नदी किनारे अतिक्रमण हटाने तथा जमीन खाली कराने अभियान शुरू किया गया। पहले चरण में पुराना बस स्टैंड से स्टापडैम तथा मस्जिद के सामने नगर पालिका काम्पलेक्स तक अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसके लिए तीन दिन पहले सर्वे हुआ था। सर्वे में पता चला कि नदी तट पर बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन में कब्जा कर बड़े-बड़े पक्के निर्माण कर लिए गए हंै। शुक्रवार को जयहिंद होटल के पीछे संचालक द्वारा बनाए गए पक्के मकान को तोड़ा गया। साथ ही उससे लगे राज्य परिवहन का बुकिंग काउंटर, व 2-3 मकानों को भी तोड़ा गया।
नदी तट पर पाथ-वे बनाने का ये है कारण
नदी तट पर पाथ-वे बनाने का प्रमुख कारण नदी किनारे सरकारी जमीन पर हो रहे कब्जे के अलावा नदी को गंदा होने से बचाना है। नदी की ओर कोई रास्ता नहीं होने के कारण वहां बसे लोग जमीन में अतिक्रमण कर रहे हैं। इसके अलावा तट पर लगातार कचरा फेंका जा रहा है, जिससे नदी गंदी हो गई है। रास्ता बनने के बाद यहां कचरा फेंकने व अतिक्रमण पर लगाम लगेगी।
पौधे भी रोपेंगे, बोटिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी
अतिक्रमण हटाने के बाद नदी तट में दोनों ओर 3 किमी तक पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके किनारे सौंदर्यीकरण के तहत पौधे भी रोपे जाएंगे। गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के बाद स्टापडैम में पानी स्टोर कर वहां बोटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। जहां पर्याप्त जगह होगी वहां चौपाटी की भी व्यवस्था की जाएगी।
गरीब लोगों को विस्थापित किया जाएगा:तिवारी
मुख्यमंत्री के संसदीय सलाहकार राजेश तिवारी ने कहा गंदगी व अतिक्रमण से दूध नदी का वजूद खत्म होता जा रहा है। नदी को बचाना है। इसके लिए यहां हुए अतिक्रमण को हटाने के साथ ही गंदगी फेंकने से रोकने व नदी सौंदर्यीकरण के लिए पाॅथ-वे बनाया जाएगा। गरीब तबके के लोग जिनकी आजीविका प्रभावित होगी उन्हें दूसरी जगह विस्थापित किया जाएगा।
पाथ-वे के रास्ते में रोड़ा बन रहा है शौचालय
पाथ-वे के रास्ते में सुलभ शौचालय रोड़ा बन रहा है। पुराना सुलभ शौचालय की मियाद खत्म होने के बाद उसे बंद कर दिया गया है, जिसे तोड़ा जा सकता है। इसके बंद होने के कारण पुराना दीवान विडियो के निकट नया सुलभ शौचालय नगर पालिका द्वारा बनाया गया है। सात साल पहले बना यह शौचालय अब तक शुरू नहीं हुआ है। अब पाथ-वे बनाने के मार्ग में यह नया शौचालय रोड़ा बन रहा है।
अस्थायी पट्टे का नहीं हुआ है नवीनीकरण
जहां नदी किनारे तोड़फोड़ की जा रही है वहां पूर्व में सड़क चौड़ीकरण व पुराना बस स्टैंड बनाने कुछ लोग को व्यवस्थापित कर जगह दी गई थी। इन्हें अस्थायी रूप से लीज में पट्टा दिया गया था। पुराना बस स्टैंड में निर्माण कराने की योजना के बाद से इन अस्थाई पट्टाधारियों का साल 1991 के बाद से पट्टे का नवीनीकरण बंद कर दिया गया है। यही नहीं इन लोगों को जितनी जगह दी गई थी उससे कहीं अधिक में कब्जा कर निर्माण किया है।
हटाया जा रहा है अवैध कब्जा: डिप्टी कलेक्टर
डिप्टी कलेक्टर डाॅ. कल्पना ध्रुव ने बताया उच्चाधिकारी ने नदी किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया है। इसके तहत अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है। आगे जो आदेश होगा वैसा कार्य किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/kanker/news/pathway-to-be-built-on-both-sides-of-doodh-river-bank-encroachment-removal-campaign-started-five-houses-were-demolished-on-the-first-day-127522507.html
एक टिप्पणी भेजें