जिले में तीन दिनों से रुक रुक कर बारिश हो रही है। बांगो बांध से 33 हजार क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जिसकी वजह से बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सभी को अलर्ट पर रखा है। दूसरी ओर सोमवार की शाम 4 बजे बांगो परियोजना के मुख्य अभियंता इंद्रजीत उइके के निगरानी में बांध के सभी 11 गेट खोल दिए गए। ट्रायल के लिए खोले गए गेट की वजह से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सभी गेट खुलने से बाढ़ की आशंका बढ़ जाती है। शाम 5 बजे एक एक कर 6 गेट को बंद कर दिया गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। दर्री बराज से अभी दो गेट खोलकर 17 हजार क्यूसेक नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
बांगो बांध की क्षमता 359.66 मीटर है। अभी बांध में 33 हजार क्यूसेक प्रति सेकंड पानी आ रहा है। जिसकी वजह से जलस्तर 358.42 मीटर पर पहुंच गया। पानी का भराव 2679.98 मिलियन घनमीटर है जो कुल भराव का 92.59 प्रतिशत है। सोमवार को दोपहर बिलासपुर से बांगो परियोजना के मुख्य अभियंता इंद्रजीत उइके माचाडोली पहुंचे। लगातार पानी की आवक को देखते हुए शाम 4 बजे सभी 11 गेट खोलकर ट्रायल किया गया। गेट को 10-10 सेंटीमीटर खोला गया। जिससे 33 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। एक घंटे बाद 6 गेट को बंद कर दिया गया। अभी 5 गेट खुले हुए हैं।
1.35 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने की क्षमता
बांगो बांध के सभी 11 गेट खुले तो एक लाख 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने की क्षमता है। अभी तक वर्ष 2011 में सभी 11 गेट खोलकर एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया था। जिसकी वजह से कोरबा शहर में बाढ़ आ गई थी। अभी ट्रायल ही किया गया है। ताकि अधिक पानी आने पर गेट खोलने में कोई परेशानी न हो।
24 घंटे में 82.55 एमसीएम पानी छोड़ा
हसदेव बांगो परियोजना में अभी 24 घंटे में 99.58 मिलियन घनमीटर पानी आ रहा है। जिसमें से 82.55 मिलियन घनमीटर पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। बांगो में इस साल 644 मिलीमीटर बारिश हुई है। सोमवार को 17.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कोरिया क्षेत्र में बारिश होने के कारण पानी अधिक आ रहा है।
24 घंटे में 39.1 मिमी बारिश, कटघोरा में सबसे ज्यादा
जिले में 24 घंटे के भीतर 39.1 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। अब तक 965.1 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। सोमवार को कोरबा में 49.2, करतला में 4.4, कटघोरा में 70.4, पाली में 47.6 व पोड़ी उपरोड़ा में 24.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
ट्रायल के लिए खोले गए थे डैम के सभी गेट: ईई
हसदेव बांगो परियोजना के ईई केशव कुमार ने बताया कि ट्रायल के लिए सभी 11 गेट खोले गए थे। जिससे आगे गेट खोलने में परेशानी न हो। अभी 5 गेट से ही पानी छोड़ा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर और भी गेट खोले जाएंगे। पानी छोड़ने की सूचना पहले ही प्रशासन को दे दी गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/korba/news/all-11-gates-of-bango-dam-opened-closed-6-hours-after-one-hour-the-officer-spoke-tried-127624540.html
एक टिप्पणी भेजें