क्षेत्र में रेत खनन में प्रतिबंध के बाद भी महानदी के किनारे स्थित रेतघाटो में रेत का अवैध खनन और परिवहन जारी है, जिसकी शिकायत मिलने पर आरंग तहसीलदार नरेंद्र बंजारा के नेतृत्व में राजस्व विभाग और आरंग पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ग्राम हल्दीडीह रेतघाट से 15 ट्रैक्टर जब्त किए। बताया जा रहा है महानदी में पानी बढ़ने के बाद भी यहां मजदूरों के माध्यम से ट्रैक्टरों में रेत भरी जा रही थी।
जब्त सभी ट्रैक्टरों को खनिज विभाग रायपुर को सौंप दिया गया है। आरंग क्षेत्र में महानदी के जितने रेतघाट है वहां खनिज विभाग से बिना अनुमति लिए निजी और शासकीय जमीनों पर रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद रेत माफिया रेत को काफी अधिक दामों में बेच रहे हैं। रेत का अवैध भंडारण मुख्य रूप से चिखली, हल्दीडीह, कागदेही, बेनीडीह, राटाकाट, पारागांव, गौरभाट, कुम्हारी में किया जाता है। आरंग तहसीलदार नरेंद्र बंजारा ने बताया कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
रेत की अवैध ढुलाई, 4 हाईवा जब्त
परिवहन विभाग के बिना अनुमति से ठेकेदार द्वारा रेत चोरी करने का मामला सामने आया है। चारामा की पेट्रोलिंग टीम ने सूचना मिलने पर गिरहोला घाट से रेत की अवैध ढुलाई करते 4 हाईवा को जब्त किया। सभी गाड़ियों के चालकों को भी गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी डीएस देहारी व उनकी टीम ने रात 1 बजे से 5 बजे के बीच गिरहोला घाट से रेत भरकर जा रहे हाईवा सीजी 17 केएल 9476, सीजी 08 एएच 6980 एवं भिरौद मार्ग से रेत भरकर ला रहे हाईवा क्रमांक सीजी 08 एसी 6966 व सीजी 07 बीआर 2606 को पकड़ा। इसकी जानकारी अन्य हाईवा चालकों को लगते ही चालक वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने 4 हाईवा जब्त किया। हाईवा चालक अशोक कुमार जामगांव दुर्ग, लीला राम सोनवानी दुर्ग, मुकेश साहू नवागांव राजनांदगांव एव त्रिभुवन सिंग जामगांव दुर्ग को गिरफ्तार किया गया।
ग्रामीणों ने घेरा कलेक्टोरेट
जिले के खनन माफियाओं से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट का घेराव किया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचे ग्राम मोहकम के ग्रामीणों ने बताया कि खनन माफिया उनके गांव और आसपास के क्षेत्र में अवैध रूप से रेत खनन कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा रेत खदान से रेत निकालकर जीवन यापन करने पर उनके खिलाफ प्रशासन द्वारा अपराध दर्ज कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की और कहा कि हमें किसी राजनैतिक दल से मतलब नहीं, अवैध खदानें चलेगी तो हम भी रेत खनन करेंगे। इधर, इस मामले में कलेक्टर कार्तिकेय गोयल का कहना है कि अवैध खदानों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/aarang/news/strict-on-illegal-sand-trade-arang-tehsildar-seized-15-tractors-127596466.html
एक टिप्पणी भेजें