मप्र में 24 घंटे में रिकॉर्ड 1019 नए कोरोना केस, जबलपुर में मास्क नहीं लगाने पर व्यापारी को जेल; दुर्ग में छोटे ने बड़े भाई की हत्या कर दी

आज आपके हाथ में अखबार नहीं होगा। 15 अगस्त के मौके पर अखबारों की छुट्‌टी थी। लेकिन, खबरों की नहीं। देश में, आपके राज्य की बहुत सी खबरें हैं जो आपको जाननी चाहिए। बिना अखबार वाले इस दिन दैनिक भास्कर एप आपके लिए देश-दुनिया के साथ आपके राज्य-शहर की बड़ी खबरें लेकर आया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें जानिए....

1. मध्य प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना से 13 मरीजों की जान गई
मध्य प्रदेश में कोरोना का कहर जारी है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 1019 नए केस मिले हैं। ये अब तक एक दिन में मिले कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे 2 दिन पहले 1014 पॉजिटिव मिले थे। अब प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 44433 तक पहुंच गई है। एक दिन में 13 मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है। मरने वालों की संख्या एक हजार को पार कर 1094 पर पहुंच गई है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा जबलपुर में 3 और खरगोन में 2 लोगों की जान गई।

पढ़िए पूरी खबर....

बैतूल में 100 साल की महिला की कोरोना से मौत हो गई, अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय स्वयंसेवियों के जरिए अंतिम संस्कार कराया।

2. अटल जी की द्वितीय पुण्यतिथि: पीएम हाउस को अटलजी कहते थे- बड़ा है, पर यह कांटों भरा ताज है
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज दूसरी पुण्यतिथि है (16 अगस्त 2018)। अटलजी का इंदौर से गहरा नाता रहा है। उनकी भतीजी माला तिवारी इंदौर में ही रहती हैं। अटलजी को याद करते हुए उन्होंने बताया- वे बहुत सहल और सहज थे। मेरी शादी पर वे फूलों से बने गहने लेकर दिल्ली से आए थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद जब मैं बच्चों के साथ दिल्ली गई तो उन्होंने पीएम हाउस को दिखाते हुए कहा था- देखो कितना बड़ा और कितना अच्छा है, देखने में अच्छा है, लेकिन यह कांटों से भरा है।

पढ़िए पूरी खबर...

अटल बिहारी वाजपेयी अपनी भतीजी माला तिवारी के साथ।

3. परिजन का आरोप- अजय को सट्टा खिलाए जाने के खिलाफ शिकायत करने की सजा मिली
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 23 वर्षीय अजय कनाडे हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है। परिजनों ने आरोप लगाए हैं कि अजय कनाडा मल्टी में आरोपी अजय भूरा द्वारा संचालित सट्टे के खिलाफ शिकायत कर रहा था। इसी की उसे सजा मिली है। उसे लगातार धमकियां मिल रहीं थी, लेकिन पुलिस ने उसकी मदद नहीं की। वारदात के वक्त वह अपने भाइयों के साथ 12 नंबर स्टॉप अपनी बहन के यहां उसके बेटे के जन्मदिन में शामिल होने जा रहा था।

पढ़िए पूरी खबर...

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी।

4. 15 अगस्त की घोषणाओं पर कमलनाथ बोले- जल्द उपचुनावों के बाद पराधीनता की बेड़ियों से मुक्त होगा प्रदेश
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषणाओं पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि शिवराजजी, बड़बोले और झूठे भाषणों से मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर नहीं होगा। उन्होंने कहा- मुझे पूरी उम्मीद है कि जिस तरह जनमत को नकार कर हथियाई हुई सरकार की पराधीनता की बेड़ियों में मध्यप्रदेश जकड़ा हुआ है, जल्द उपचुनावों के बाद स्वाधीन होगा और पुनः अवरुद्ध विकास की विपन्नता से प्रगति के प्रशस्त मार्ग पर लौट आएगा।

पढ़िए पूरी खबर...

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज की घोषणाओं को लफ्फाजी करार दिया है।

5. प्रदेश में अब तक 601.4 मिमी बारिश हो जानी थी; सामान्य से 8% कम 553.8 मिमी ही गिरा पानी
मध्य प्रदेश में बीते एक सप्ताह से लगातार बारिश होने के बाद भी इस सीजन में मानसून का कोटा अब तक पूरा नहीं हो पाया है। अब तक प्रदेश में 601.4 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन यह 553.8 मिलीमीटर ही हुई है। यह सामान्य से करीब 8% कम है। अगर पूर्वी मध्य प्रदेश की बात करें, तो यहां पर सामान्य से 10% कम बारिश हुई है। अब तक 673.3 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन 605.3 मिली मीटर ही पानी गिर पाया है।

पढ़िए पूरी खबर...

तस्वीर राजधानी के बड़े तालाब की है, जहां पर बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश नहीं हो रही है।

6. 214 नए कोरोना संक्रमित मिले, पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 हजार के करीब
इंदौर में लगातार कोरोना का कहर जारी है। 15 अगस्त की रात एक बार फिर नए संक्रमितों का आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार के करीब पहुंच गया है। अगस्त में ही यह दूसरी बार है, जब आंकड़ा 200 के पार पहुंचा है। 9 अगस्त को 208 मरीज मिले थे, जबकि 15 अगस्त को यह आंकड़ा बढ़कर 214 पहुंच गया। पिछले 15 जुलाई से 15 अगस्त तक की बता करें तो सिर्फ 7 बार ऐसा हुआ है जब यह आंकड़ा तीन अंक की बजाय दो अंक पर रहा।

पढ़िए पूरी खबर...

इंदौर में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है, यहां पर रविवार को 200 से ज्यादा केस आए हैं।

7. कोरोना इफेक्ट:जबलपुर के पाटन में मास्क नहीं लगाने पर साड़ी व्यवसायी को जेल भेजा
जिले के पाटन कस्बे में एसडीएम ने मास्क नहीं लगाने और झूठ बोलने के आरोप में एक साड़ी व्यवसायी को जेल भेज दिया। व्यापारी पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। दो दिन से युवक जेल में ही है। मास्क न लगाने पर अभी तक सिर्फ 100 से 500 रुपये का जुर्माना ही लगाया जा रहा है। प्रदेश में संभवत: ये पहला मामला है जब किसी को मास्क नहीं लगाने पर जेल जाना पड़ा है।

पढ़िए पूरी खबर...

जबलपुर में एसडीएम ने मास्क नहीं लगाने और झूठ बोलने के आरोप में एक साड़ी व्यवसायी को जेल भेज दिया है।

8. मूर्तिकारों, डीजे-टेंट संचालकों ने लिखकर दिया- किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे
राजधानी भोपाल पुलिस ने शहर के सभी डीजे, टेंट संचालकों के साथ मूर्तिकारों और आयोजन समितियों को साफतौर से सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने की हिदायत दी है। पुलिस ने सभी से एक-एक शपथ पत्र भी भरवाए हैं। इसके लिए शनिवार शाम मिसरोद थाने में एक बैठक भी आयोजित की गई। कोविड-19 के तहत नई गाइडलाइन के बारे में बताया गया। यह भी कहा गया है कि वह लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस की तरफ से अभियान भी चलाएंगे।

पढ़िए पूरी खबर...

डीजे और टेंट संचालकों के साथ पुलिस और प्रशासन की मीटिंग हुई।

9. रायपुर में देर रात से बारिश का दौर जारी; कई मकान भी गिरे
छत्तीसगढ़ में शनिवार देर रात से बारिश का दौर जारी है। बीजापुर में पिछले 7 दिनों से जारी बारिश से कई गांव तालाब बन गए हैं। दर्जनभर से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट गया है। नैमेड तालाब फूटने से जाम रहा राष्ट्रीय राजमार्ग 6 घंटे बाद बहाल किया जा सका है। भोपालपट्नम मार्ग पर पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया है। कई मकान और पंचायत भवन अब तक बारिश में ढह चुके हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 9 जिलों के लिए रेड, 5 के लिए ऑरेंज व 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

पढ़िए पूरी खबर...

यह तस्वीर बीजापुर की है। यहां पिछले सात दिनों से लगातार हो रही बारिश से कई गांव तालाब बन गए हैं।

10. दुर्ग में छोटे ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शनिवार देर रात टीवी देखने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। बड़ा भाई छोटे को देर रात तक टीवी देखने से मना कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मोहन नगर क्षेत्र के सिकोला बस्ती निवासी बसन यादव शनिवार रात घर में टीवी देख रहा था। इस पर बड़े भाई धनराज यादव (28) ने उसे देर तक टीवी देखने से मना किया और बंद करने को कहा। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि बसन ने वहां रखी कुल्हाड़ी से धनराज पर हमला कर दिया।

पढ़िए पूरी खबर...

दुर्ग में शनिवार देर रात मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई धनराज की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। (धनराज की फाइल फोटो)


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
तस्वीर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 35 किमी दूर ओबैदुल्लागंज की है, जहां पर आयुष विभाग के स्वास्थ्य केंद्र आरोग्यम में कोरोना की जांच कराने पहुंचे मरीज।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/news/corona-havoc-not-decreasing-in-madhya-pradesh-1019-new-cases-found-in-24-hours-highest-cases-in-one-day-in-5-months-after-corona-started-127620379.html

Post a Comment

और नया पुराने