कोरोना से रविवार को प्रदेश में 8 लोगों की मौत हुई है, जिसमें से 4 रायपुर के हैं। राजधानी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 246 समेत प्रदेश में 576 नए मरीज मिले हैं। इतने मरीज 24 घंटे में पहली बार मिले हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 15 हजार से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं। इसके एक दिन पहले, शनिवार को प्रदेश में कोरोना के 486 मरीज मिले थे, जिनमें 216 राजधानी से हैं। वनमंत्री मोहम्मद अकबर के भाई, आयुष के पूर्व कुलपति और पूर्व सीएम डॉ. रमन के समधी की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव अाई है। उन्हें कुछ दिन पहले ब्लडप्रेशर की शिकायत के के बाद राजधानी के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां रविवार को वे संक्रमित पाए गए। उनकी रिपोर्ट अाने के बाद वनमंत्री ने अपना और पूरे परिवार का कोविड टेस्ट करवाया है। प्रदेश में अब तक 10235 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
वहीं रायगढ़ में 17 से 23 अगस्त तक लॉकडाउन किया गया है। इस दौरान किराना, सब्जी, दूध जैसी जरूरी चीजें ही मिलेंगी। रायपुर में जिन 4 लोगों की मृत्यु हुई, वे शैलेन्द्र नगर, रामकुंड, टिकरापारा और बिरगांव के रहनेवाले थे। इसके अलावा किरंदुल, दंतेवाड़ा और जांजगीर-चांपा में एक-एक कोरोना संक्रमित की मृत्यु हुई है। नए मरीजों में रायपुर के बाद बिलासपुर में 40, दुर्ग में 37, रायगढ़ में 31, सरगुजा में 12, महासमुंद में 3, राजनांदगांव में व बालोद में 2-2 , गरियाबंद व कोरिया में 1-1 केस मिले हैं। डाक्टरों का कहना है कि बिना लक्षण वाले मरीज अब भी अा रहे हैं। हालांकि जिनमें लक्षण पाए जा रहे हैं, उनका वायरल लोड अधिक है।
अब एंबुलेंस गंभीर मरीजों के लिए
स्वास्थ्य विभाग ने लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमितों को देखते हुए तय किया है कि अब उन्हीं मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने के लिए एंबुलेंस भेजी जाएगी, जो गंभीर हैं। इसलिए अधिकांश कोरोना मरीजों को ले जाने के लिए अब न तो एम्बुलेंस पहुंच रही और न ही पीपीई किट पहने स्टाफ जा रहा है। सामान्य मरीजों को सिटी बस से ही अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यही नहीं, बिना लक्षण वाले या कम मरीज मिलने की दशा में बड़े कंटेनमेंट जोन बनाने का सिलसिला भी थम गया है। जिन मरीजों में लक्षण हैं, अब उन्हें भी कोविड केयर सेंटरों में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। ऐसे मरीज अायुर्वेद अस्पताल और इनडोर स्टेडियम में भी हैं।
पूर्व क्रिकेटर व यूपी के मंत्री चेतन चौहान नहीं रहे, एक महीने पहले हुआ था कोरोना
पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान नहीं रहे। 12 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान किडनी में संक्रमण बढ़ गया और उन्हें हरियाणा में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें 36 घंटे से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था पर बचाया नहीं जा सका। अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित चौहान 1991 से 1998 तक सांसद रहे। भाजपा में शामिल होने के बाद वह यूपी की सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल और नागरिक सुरक्षा मंत्री बने थे। वह टीम इंडिया के लिए 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 31.57 की औसत से 2084 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97 रन रहा।
उन्होंने सात एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 153 रन भी बनाए। चौहान कोरोना से जान गंवाने वाले राज्य के दूसरे मंत्री हैं। उनसे पहले 2 अगस्त को मंत्री कमल रानी वरुण का भी कोरोना से निधन हो गया था। दोनों को मिलाकर अब तक 8 मंत्रियों को कोरोना हो चुका है।
गावस्कर के साथ ओपनिंग की, 10 बार शतकीय साझेदारी निभाई
73 साल के चौहान ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर सुनील गावस्कर के साथ बल्लेबाजी की। दोनों की जोड़ी काफी सफल रही। दोनों ने 1970 के दशक में 10 बार शतकीय साझेदारी की और मिलकर तीन हजार से अधिक रन बनाए। चौहान ने घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए काफी रन बनाए।
महाराष्ट्र: 303 जवान और संक्रमित, अब तक 12,290 जवान आए जद में
-महाराष्ट्र पुलिस के 303 और जवान संक्रमित हो गए हैं। इन्हें मिलाकर अब तक 12,290 जवानों को कोरोना हो चुका है। इनमें से 9,850 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
-केरल में तिरुवनंतपुरम की सेंट्रल जेल में कोरोना फैल गया है। वहां एक हफ्ते में 359 कैदी संक्रमित हो चुके हैं। उधर, गुजरात के राजकोट की सेंट्रल जेल में 23 कैदी संक्रमित मिले।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/chhattisgarh-has-576-new-patients-8-deaths-even-in-24-hours-corona-crosses-15000-127622824.html
एक टिप्पणी भेजें