राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को भूपेश सरकार ने अपनी तीन योजनाओं के तहत 31 लाख 78 हजार लोगों को राहत देते हुए सीधे उनके खातों में 1737 करोड़ रुपए का भुगतान किया। इसे त्यौहारी सीजन में प्रदेश के किसानों, वनवासियों और गोबर विक्रेताओं को बड़ी सौगात माना जा रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सीएम भूपेश बघेल, पीएल पुनिया समेत सभी मंत्रियों ने शिरकत की। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि किसानों, ग्रामीणों, मजदूरों एवं आदिवासियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मदद पहुंचाकर हम राजीव गांधी के सपनों को साकार करने की दिशा में बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नयी ऊंचाइयों में ले जाने का सपना देखा था। संचार-क्रांति, कंप्यूटर, 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार, पंचायत-राज की स्थापना और अनुसूचित जाति-जनजाति के कल्याण के लिए वे लगातार काम करते रहे।
राहुल बोले- किसानों, गरीबों का मदद में सबसे आगे छत्तीसगढ़
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि किसानों, गरीबों, आदिवासियों एवं जरूरतमंद लोगों की मदद की योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य है। वर्तमान समय में देश में दो अर्थव्यवस्थाएं हैं एक संगठित, जिसमें बड़ी-बड़ी कंपनियां शामिल हैं, दूसरी असंगठित, जिसमें हमारे किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार और लाखों-करोड़ों गरीब लोग हैं। हमारी सरकारें दोनों अर्थव्यवस्थाओं में संतुलन बनाकर काम करती हैं।
इतने लोग हुए लाभान्वित
- किसान न्याय योजना के 19 लाख- 15 सौ करोड़
- गोधन न्याय योजना: 77 हजार- 4.50 करोड़ रुपए
- तेंदूपत्ता प्रोत्साहन: 12 लाख संग्राहक- 232.81 करोड़
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/31-lakh-78-thousand-people-benefited-on-rajiv-gandhis-birth-anniversary-farmers-forest-dwellers-got-1737-crores-127636632.html
एक टिप्पणी भेजें