किराना दुकानें आज खुलने के बाद 6 तक बंद, कल से फल-सब्जी, दूध-दवा और पेट्रोल-गैस ही खुलेंगे

लगातार तीन दिनों खुलने के बाद भी किराना दुकानों में भीड़ कम नहीं हुई है। ये दुकानें कल, शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक खुलने के बाद जो बंद होंगी, तो लाॅकडाउन खत्म होने की दशा में 7 अगस्त को ही खुलेंगी। रविवार से 6 अगस्त तक राजधानी में केवल फल-सब्जी-नाॅनवेज, दूध, दवाइयां और पेट्रोल-गैस ही खुले रहेंगे। इसके अलावा किसी भी तरह की दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
किराना दुकान खुलने की वजह से शहर के सभी प्रमुख बाजारों में सुबह 6 बजे से ही लोगों की भीड़ दिखाई दी। पिछले दो दिनों की तरह शुक्रवार को भी लोगों की लंबी कतारें डिपार्टमेंटल स्टोर्स के बाहर सुबह 5 बजे से लग गई। गोलबाजार, गुढ़ियारी, रामसागरपारा, तेलघानी नाका, मालवीय रोड, पंडरी, डूमरतराई थोक बाजार में सबसे ज्यादा लोगों की भीड़ दिखाई दी।
अधिकतर जगहों पर दोपहर 12 बजे तक किराना सामान की बिक्री होती रही। जब तक पुलिस की गाड़ियां सड़कों पर सायरन बजाते हुए नहीं निकली लोगों की भीड़ दुकानों में लगी रही।

थोक दवा बाजार कोरोना से प्रभावित
रायपुर थोक दवा विक्रेता संघ ने फैसला किया है कि थोक दवा बाजार (ओल्ड मेडिकल कांप्लेक्स) जीई रोड 1 से 3 अगस्त तक बंद रहेगा। संघ के सचिव आशीष चांडक ने बताया कि कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से थोक दवा बाजार बंद रखने का फैसला किया गया है, लेकिन इस बंद के दौरान दवाइयों की कमी कहीं भी नहीं होगी। चिल्हर दवा विक्रेताओं से कहा गया है कि पहले ही अपनी जरूरत की दवाइयां मंगवा लें। बंद के दौरान भी जरूरत पड़ने पर चिल्हर दवा दुकानदार फोन पर अपने ऑर्डर बुक करवा सकते हैं। ऐसे लोगों को ऑर्डर की सप्लाई भी की जाएगी। थोक दवा बाजार के मुख्य द्वार से प्रवेश करने वाले लोगों को अपनी दुकान की आईडी दिखाना अनिवार्य होगा।

राशन दुकानें भी खोल दीं
प्रशासन ने राशन दुकानों को भी 6 अगस्त तक बंद रखने का आदेश दिया है, लेकिन कई वार्डों में सुबह 11 बजे तक राशन दुकानें खोली जा रही हैं। तय तारीख तक राशन दुकानें बंद होने के बावजूद दुकानदार राशन देने की ऑनलाइन इंट्री कैसे कर रहे हैं इस पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अवकाश के दिनों में राशन का आवंटन कैसे किया जा रहा है इसे लेकर प्रशासन भी सख्त हो गया है। खाद्य विभाग के अफसरों ने बताया कि ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई तय है।

समय बढ़ाने के लिए दबाव
किराना दुकानों के खुलने के दिन बढ़ाने के बाद अब व्यापारिक संगठन छत्तीसगढ़ चैंबर और कैट ने दुकानों का समय सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग की है। चैंबर अध्यक्ष जितेंद्र बरलोटा, कैट अध्यक्ष अमर पारवानी और विप्र चैंबर अध्यक्ष श्याम शर्मा ने बताया कि केवल चार घंटे का समय मिलने की वजह से आम लोगों के साथ ही कारोबारियों को भी परेशानी हो रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Grocery shops closed till 6 after opening today, fruit-vegetable, milk-medicine and petrol-gas will open tomorrow.


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/grocery-shops-closed-till-6-after-opening-today-fruit-vegetable-milk-medicine-and-petrol-gas-will-open-tomorrow-127572647.html

Post a Comment

और नया पुराने