रायपुर में 60 घंटे से बारिश, कई इलाकों में पानी भरा; कवर्धा में नेशनल हाईवे डूबा, रायपुर-बलौदाबाजार और रायपुर-जबलपुर मार्ग बंद

छत्तीसगढ़ में रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। इसके चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। रायुपर में कोल्हान नाला उफान पर होने से पुल पर पानी भर गया है। इसके कारण बलौदाबाजार-रायपुर के बीच आवागमन बंद है। वहीं कवर्धा में नेशनल हाईवे पर पानी भरने के कारण रायपुर-जबलपुर मार्ग बंद हो गया है।

ये तस्वीर रायपुर के दानवीर भामाशाह वार्ड 26 की है। यहां सोहन यादव का दो मंजिला मकान बारिश के कारण गिर पड़ा। हादसे में किसी जान की हानि नहीं हुई है।

रायपुर : नरहरेश्वर तालाब फुल, डिवाइडर तोड़ा गया, खम्हारडीह तालाब का पानी घरों में घुसा

राजधानी रायपुर में भी मंगलवार रात (करीब 60 घंटे) से बारिश हो रही है। हालात यह है कि तीन दिन में 15 सेमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त माह में इस साल लगातार सबसे ज्यादा समय तक होने वाली बारिश है।

शहर के हालात बिगड़े हुए हैं। बारिश के पहले तैयारी को लेकर किए गए दावों की पोल खुल गई है। स्मार्ट सिटी रायपुर की सड़कें तालाब में बदल चुकी हैं। नरहरेश्वर तालाब फुल हो चुका है और पानी लोगों के घरों में भर रहा है।

सड़क से लेकर घर तक सब पानी-पानी

शहर के हालात बिगड़े हुए हैं। बारिश के पहले तैयारी को लेकर किए गए दावों की पोल खुल गई है। स्मार्ट सिटी रायपुर की सड़कें तालाब में बदल चुकी हैं और तालाब ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ गए हैं। घरों में कमर तक पानी भर गया है। नरहरेश्वर तालाब फुल हो चुका है। सड़क को पानी से खाली कराने के लिए डिवाइडर तोड़ा गया। वहीं खम्हारडीह तालाब का पानी घरों में घुस गया है।

ये तस्वीर रायपुर में अंबुजा मॉल के सामने से निकलने वाले छोकरा नाले की है। बारिश में 15 फ़ीट ऊपर बह रहा है। सड़क पर इतना पानी है कि नाला कहां बह रहा पता ही नहीं चल रहा है।

कवर्धा में 13 किमी लंबा जाम लगा

कवर्धा सकरी नदी उफान पर है। इसके कारण रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे बंद हो गया है। कवर्धा से पोंडी तक करीब 13 किमी लंबा जाम है। ट्रकों की लंबी लाइन लगी है। हालांकि प्रशासन ने राहत के तौर पर छोटे वाहनों को समनापुर पुल से क्रास करा रहा है। इस सीजन में जहां बीजापुर में अब तक सबसे ज्यादा (1991.8 मिमी) बारिश रिकार्ड की गई है, वहीं सरगुजा में सबसे कम (693.8 मिमी) पानी बरसा है।

कवर्धा सकरी नदी उफान पर है। इसके कारण हाईवे पर पानी भरने के कारण रायपुर-जबलपुर मार्ग बंद हो गया है। यह रास्ता रायपुर को मध्य प्रदेश से जोड़ता है।
शहर अधिकतम तापामान न्यूनतम तापमान बारिश (मिमी)
अंबिकापुर 25.8 22.4 23.6
बिलासपुर 26.6 23.2 136.8
दुर्ग 24.6 22 167.6
जगदलपुर 25 21.5 10.7
रायपुर 24.8 22.8 152.4
राजनांदगांव 24 22 11.6

मौसम में घुली ठंडक, तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम
लगातार हो रही बारिश और बदले मौसम ने अगस्त में ही लोगों को ठंड का अहसास करा दिया है। दिन का तापमान भी 24.8 डिग्री के करीब पहुंच गया है। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। ऐसे में लोगों के घरों में अब पंखे भी बंद हो गए हैं। वहीं रात का तापमान भी 22.8 दर्ज किया गया है, यानी कि दिन और रात के तापमान में महज 2 डिग्री का अंतर है।

ये तस्वीर बिलासपुर के बंधवापारा सेनवार की है। लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब लबालब भर गए हैं। इसका पानी सड़कों पर आ गया है। इसके चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति है।

बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई मकान गिरे
प्रदेश में कई दिनों से हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। रायपुर में भी खारून नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं जशपुर, धमतरी और अन्य जगहों पर मकान गिर गए हैं। बिलासपुर भी में बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव है। तालाब भर जाने के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। शहर में कई स्थानों पर सड़कें धंस गई हैं।

जिला बारिश सामान्य से अंतर
बालोद 792.1 1
बालोदा बाजार 829.8 12
बस्तर 1027.6 13
बीजापुर 1991.8 89
बिलासपुर 956.9 11
दंतेवाड़ा 1272.4 24
दुर्ग 737.1 (-) 4
जांजगीर 845.8 (-) 7
जशपुर 1040.5 (-) 4
कांकेर 830.4 (-) 19
कोरबा 1107.7 6
महासमुंद 1034.8 28
रायपुर 777 (-) 3
राजनांदगांव 705.6 (-) 6
सरगुजा 693.8 (-) 27

बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दाब का क्षेत्र झारखंड के दक्षिण-पश्चिम भाग में स्थित है। इसके साथ ही हवा का एक चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। दूसरी ओर एक अन्य मानसून द्रोणिका बहराइच, वाराणसी से होते दक्षिण पूर्व दिशा की ओर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक 28 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में मध्यम से भारी और एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
छत्तीसगढ़ में रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। रायपुर में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। तीन दिन में 15 सेमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। यह तस्वीर सड्‌डू इलाके की है।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/chhattisgarh-rain-news-weather-monsoon-forecast-today-imd-issues-red-alerts-rainfall-continues-for-60-hours-in-raipur-127661055.html

Post a Comment

और नया पुराने