गुढियारी भारत माता चौक के पास वहीं का 16 साल का लड़का मंगलवार को शाम 5.45 बजे बिजली टाॅवर पर चढ़ गया। वह अपनी मां से बाइक लेने की जिद पर अड़ा था। लोग नीचे से उसे बहलाने की कोशिश करते रहे पर नहीं माना। इसी बीच उसने हाईटेंशन तार को जैसे ही छुआ, धमाका हुआ और वह झुलसकर नीचे आ गिरा। उसे तुरंत पचपेड़ीनाका के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुढियारी पुलिस ने बताया कि कोटा रोड का नाबालिग मां से बाइक खरीदने की जिद कई दिन से कर रहा था। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है, इसलिए मां उसे बाइक नहीं दिला पा रही थी। मंगलवार को इसी बात पर वह गुस्से में घर से निकला और रेलवे क्रासिंग से लगे बिजली के टाॅवर पर चढ़ गया। थोड़ी देर में उसकी मां और परिजन समेत आसपास के काफी लोग इकट्ठा हो गए। मां उसे बाइक दिलाने की बात कहते हुए रो-रोकर बेहोश हो गई। इस बीच, वह टाॅवर पर जहां खड़ा था, वहीं लड़खड़ा गया और उसने हाईटेंशन तार पकड़ने की कोशिश की। जैसे ही उसने तार को छुआ, जोरदार विस्फोट हुआ। वह जलता हुआ नीचे गिरा और बेहोश हो गया। आसपास वालों ने तुरंत आग बुझाई और नजदीकी अस्पताल ले गए। वह 70 प्रतिशत झुलस गया था। पुलिस ने बताया कि उसके परिजन मजदूरी करते हैं, मौजूदा हालात में आर्थिक परिस्थिति ठीक नहीं है।
किसी ने चढ़ते हुए नहीं देखा
नाबालिग को किसी ने टावर पर चढ़ते नहीं देखा। वह चढ़ गया, तब लोगों का ध्यान गया। वहां इकट्ठा भीड़ में कई लोग तो मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे और आवाज देते रहे।
आधे घंटे तक टावर पर रहा
नाबालिग आधा घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा। इस बीच, पुलिस और डायल-112 की टीम भी पहुंच गई। सभी उसे मनाने की कोशिश करते रहे। रेस्क्यू आपरेशन शुरू नहीं हो पाया, इसी बीच वह लड़खड़ाकर तार की चपेट में आ गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/on-the-insistence-of-taking-the-bike-from-the-mother-the-electricity-climbed-on-the-tower-the-explosion-fell-as-soon-as-the-wire-touched-it-death-127609870.html
एक टिप्पणी भेजें