इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से जुड़े छह सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की प्रक्रिया इस साल ही पूरी कर ली जाएगी। कुछ महीने पहले दावा-आपत्ति के निपटारे के बाद पात्र उम्मीदवारों की लिस्ट की गई। इसके अनुसार स्कोरिंग की प्रक्रिया चल रही है। विवि के अफसरों का कहना है कि अगले महीने तक स्कोरकार्ड तैयार कर जारी कर दिया जाएगा। भर्ती के लिए इंटरव्यू अक्टूबर में आयोजित किया जा सकता है।
इसके अनुसार तैयारी भी की जा रही है। इससे पहले, छह सरकारी कृषि कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 66 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए गए। भर्ती के लिए करीब 900 से अधिक आवेदन मिले। आवेदन की जांच के बाद विवि की ओर से पात्र व अपात्र उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई। इसके अनुसार दावा-आपत्ति मंगायी गई। फिर दावा-आपत्ति के निपटारे के बाद पात्र उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी की गई। भर्ती की अगली कड़ी में स्कोरिंग की प्रक्रिया चल रही है। शिक्षाविदों ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती में कुल 100 नंबर का स्कोर कार्ड है। इसमें 85 नंबर की स्कोरिंग एकेडमिक रिकार्ड के अनुसार होगी। हायर सेकेंडरी, ग्रेजुएशन, पीजी, पीएचडी समेत अन्य में मिले नंबरों को स्कोरिंग के लिए आधार बनाया जाएगा। इस तरह से जिन उम्मीदवारों का एकेडमिक रिकार्ड अच्छा होगा उनकी दावेदारी मजबूत रहेगी। वहीं दूसरी ओर 15 नंबर इंटरव्यू के लिए रहेंगे। स्कोरिंग लिस्ट अगले महीने तक जारी कर दी जाएगी। अफसरों का कहना है कि इसे भी वेबसाइट पर जारी किया जाएगा और फिर दावा-आपत्ति मंगायाी जाएगी। इस प्रक्रिया के निपटारे के बाद इंटरव्यू होगा।
ग्यारह विषयों के लिए होगी
छह सरकारी कॉलेज जैसे गरियाबंद, महासमुंद, कुरुद, कोरबा, जशपुर और छुईखदान में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती होगी। यह भर्ती विभिन्न विषयों में होगी। जैसे एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन, एग्रीकल्चरल स्टेटिस्टिक्स, एग्रोनॉमी, एनटोमोलॉजी, फार्म मशीनरी, जेनेटिक एंड प्लांट ब्रीडिंग, फ्रूट साइंस, लाइवस्टॉक प्रोडक्शन, प्लांट पैथोलॉजी, सायल साइंस।
पाटन व साजा के कृषि कॉलेजों में 13 पदों पर होगी भर्ती
शिक्षाविदों ने बताया के पाटन व साजा के कृषि कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 13 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए बाद में भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इन दोनों कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 26 पदों का प्रस्ताव बनाया गया था। लेकिन शासन से 13 पदों के लिए अनुमति मिली है। इनके लिए भर्ती प्रक्रिया कुछ महीनों में शुरू हो सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/scorecard-for-assistant-professor-recruitment-till-next-month-127632877.html
एक टिप्पणी भेजें