छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में बिलासपुर हाईकोर्ट के जज गौतम चौरडिया के पुत्र श्रेयांश चौरडिया की मौत हो गई। श्रेयांश सुबह अपनी ऑल्टो कार में पेट्रोल भरवाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुनानक चौक पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। घटना कोतवाली क्षेत्र के आरके नगर की है।
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव निवासी श्रेयांश चौरडिया शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे अपनी कार में पेट्रोल भरवाने के लिए निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि लौटने के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद आरके नगर में बरफानी बाबा आश्रम के पास गुरुनानक चौक पर सड़क पर आगे जा रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे से परखच्चे उड़ गए।
टक्कर के बाद भी ट्रेलर चालक को पता नहीं चला
ट्रेलर से टक्कर के बाद कार उसी में पीछे फंस गई। इस दौरान ट्रेलर चालक करीब डेढ़ किमी आरके नगर चौक तक कार को घसीटता ले गया, लेकिन उसे हादसे का पता ही नहीं चला। बताया जा रहा है कि सड़क पर जा रहे लोगों ने देखा तो ट्रेलर रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्रेयांश को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/bilaspur-high-court-judge-gautam-chowdarya-son-killed-in-car-road-accident-today-in-chhattisgarh-rajnandgaon-127597399.html
एक टिप्पणी भेजें