वीआईपी रोड समेत कई सड़कों पर बेतरतीब चलते दिखे सवार, हाइवे पर साइकिल बैन

वीआईपी रोड पर शाम- 5 बजे। स्पोर्ट्स साइकिलों में छह-सात युवकों की टोली तेजी से बढ़ी जा रही है। फुंडहर चौक पर पहुंचते ही साइकिलिस्टों की टोली एक्सप्रेस-वे जाने के लिए दाहिने टर्न हुई और उसी समय तेज रफ्तार कार सामने आ गई। साइकिल सवार के साथ कार चालक भी हड़बड़ा गया। दोनों ने तेजी से ब्रेक मारकर गाड़ी रोकी। साइकिल सवार टोली ने कुछ पल कार चालक को घूरकर देखा, फिर वे आगे बढ़ गए।
माना पीटीएस चौक पर थोड़ी ही देर बाद साइकिलिस्टों की टोली के साथ ऐसा ही हुआ। अचानक साइकिल सवार के सामने से तेज रफ्तार कार गुजरी। साइकिल सवार डर गया और उसने एकाएक ब्रेक मारे। पलभर की चूक से हादसा हो सकता था। ऐसे हालात रोज हो रहे हैं। हाईवे साइकिलिंग के बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए ढाई महीने पहले जारी पुलिस की गाइड लाइन ध्वस्त हो चुकी है। साइकिलिस्ट जोखिम उठाकर हाईवे पर फर्राटेदार वाहनों के बीच साइकिलिंग कर रहे हैं। सोमवार की शाम वीआईपी रोड पर एक साइिकलिस्ट के साथ हादसा हुआ। तेलीबांधा की 5 महिला साइकिलिस्टों की टोली वीआईपी रोड से एयरपोर्ट की ओर जा रही थीं। पीछे से आ रही कार ने एक महिला को जोरदार टक्कर मारी। महिला उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। साइकिल के परखच्चे उड़ गए। कार चालक ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। भास्कर ने उसके बाद ही वीआईपी रोड माना, मैग्नेटो मॉल से जोरा, घड़ी चौक से तेलीबांधा तालाब और केनाल रोड पर बस स्टैंड से शंकरनगर, जलविहार कालोनी और वहां से राजेंद्रनगर ओवर ब्रिज तक सर्वे किया। शाम 6 बजे के बाद से हर सड़क पर चार-चार, पांच-पांच युवकों व युवतियों की टोली साइकिलिंग करती नजर आई। कहीं कोई नियमों का पालन नहीं। शाम को ट्रैफिक के पीक समय में साइकिलिस्ट कहीं भी आ जा रहे थे। इस दौरान कई बार ऐसे हालात बने जब खतरा नजर आया। भारी और तेज रफ्तार वाहनों के साथ-साथ साइकिलिस्ट चल रहे थे।

इन गाइडलाइन का पालन नहीं

  • हाइवे, रिंग रोड पर साइकिलिंग न किया जाए।
  • शाम को 6-8 बजे ही साइकिलिंग करने निकले।
  • भीड़भाड़ वाली सड़कों पर साइकिलिंग न करें।
  • बाजार वाले इलाकों में साइकिलिंग करने से बचे।
  • ईयरफोन या हेडफोन लगाकर साइकिलिंग न करें।
  • साइकिलिंग करते समय महंगे जेवर न पहनें।
  • हेलमेट से लेकर रिफ्लेक्टर जैकेट पहने।
  • आगे-पीछे होकर साइकिलिंग करें, साथ में न चले।
  • सुरक्षा मापदंडों का पालन करें।

जवान तैनात, पेट्रोलिंग भी शुरू
बुधवार को पुलिस तेलीबांधा से फुंडहर तक थोड़ी थोड़ी दूर पर जवान तैनात कर दिए गए थे। तेलीबांधा थाना प्रभारी रमाकांत साहू ने साइकिलिस्टों की सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग शुरू करवा दी है। इतना ही नहीं डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने आईटीएमएस के कंट्रोल रूम से समाइश का संदेश प्रसारित करना शुरू करवा दिया है। सुबह और शाम अनाउंस किया जा रहा है कि साइकिलिस्ट हाईवे पर न जाएं और केवल सर्विस रोड का ही उपयोग करें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
दो साइकिल सवार अचानक फोर व्हीलर के सामने आ गए।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/riders-were-seen-walking-randomly-on-many-roads-including-vip-road-bicycle-ban-on-highway-127632918.html

Post a Comment

और नया पुराने