बघेल ने कहा - हजारों करोड़ खर्च के बाद खंडहर न हो इसलिए नवा रायपुर में नवनिर्माण

नवा रायपुर में शनिवार को नए विधानसभा भवन का शिलान्यास हुआ। सोनिया गांधी और राहुल गांधी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी आज तक नवा रायपुर बस नहीं पाया है। यहां बने कुछ भवन जर्जर होने लगे हैं, इसलिए हमने यहां पर पिछले साल से ही राजभवन, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के भवन बनाना शुरू कर दिया है।
भवन बनने के बाद हम सब यहां रहने आएंगे और राज्यपाल से भी नवा रायपुर में रहने का आग्रह करेंगे। सीएम ने कहा कि यहां पर हमने संसदीय सचिवों को भी भवन अलाट किया है। जब हम सब रहने लग जाएंगे तो यहां बाजार, अस्पताल और सभी जरूरी सुविधाएं मिलने लगेगी और शहर बस जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इसी कार्यकाल में नया विधानसभा भवन बनकर तैयार हो जाएगा। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने उम्मीद जताई कि विधायकों के लिए भी निकट भविष्य में आवास की व्यवस्था होगी। पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि इसकी रूपरेखा दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के सामने स्थित नार्थ एवेन्यू एवं साउथ एवेन्यू जैसी रखी गई है। नए विधानसभा भवन के सामने राजपथ जैसा मार्ग बनेगा, जिसके जरिए महानदी और इंद्रावती भवन से पैदल विधानसभा पहुंचा जा सकेगा। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी, मंत्री टीएस सिंहदेव, डॉ. शिव डहरिया, अनिला भेंड़िया, जयसिंह अग्रवाल, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उमेश पटेल, अमरजीत भगत, मुख्य सचिव आरपी मंडल, प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े, अमिताभ जैन, सुब्रत साहू, सिद्धार्थ कोमल परदेशी आदि मौजूद थे।

विधानसभा चुनाव के पहले नए सदन में बुलाएं सत्र: महंत
विधानसभा स्पीकर डाॅ. चरणदास महंत ने सीएम भूपेश से कहा कि इसी कार्यकाल में यह भवन बनकर तैयार हो जाए और चुनाव के पहले एक सत्र जरूर नए भवन में हो। उन्होंने छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी निभाने वाले पुरखों को नमन किया और उम्मीद जताई कि पुरखों के आशीर्वाद से हम सब छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में जुटे रहेंगे। डाॅ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ वास्तव में प्रेम की धरती है। हम सब प्रेम और सद्भाव का उदाहरण बनें।

बेहतर तरीके से उत्तरदायित्व निभा रही है सरकार: राहुल
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार जनता के प्रति अपने उत्तरदायित्व को बेहतर तरीके से निभा रही है। उन्होंने सरकार की किसान और गोधन न्याय योजना की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के इन फैसलों से गरीब-किसान और मजदूरों के हाथों में पैसा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के जनोन्मुखी कार्य आगे भी जारी रहेंगे। सांसद राहुल गांधी का संदेश संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे ने किया।

राजपथ जैसी डेवलप होगी विस के सामने की सड़क

नवा रायपुर के सेक्टर 19 स्थित 51 एकड़ जमीन पर लगभग 270 करोड रुपए की लागत से इसका निर्माण होगा। यह महानदी और इंद्रावती भवन के पीछे स्थित है। मुख्य भवन का निर्माण 52497 वर्ग मीटर में किया जाएगा। 150 से 200 विधायकों के बैठने की व्यवस्था व अध्यक्षीय दीर्घा, अधिकारी दीर्घा, प्रतिष्ठित दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा व दर्शक दीर्घा का निर्माण किया जाएगा। स्पीकर, सीएम व मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष व उपाध्यक्ष और मुख्य सचिव के लिए कक्ष का निर्माण किया जाएगा।

तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य सचिव के लिए कक्ष, मीटिंग हॉल और स्टाफ कक्षों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न समिति कक्षों, पुस्तकालय, एलोपैथिक, होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक औषधालय, पोस्ट ऑफिस, रेल्वे रिजर्वेशन काउंटर व बैंक के लिए भी कक्षों का निर्माण होगा। विधानसभा के चारों ओर सड़क निर्माण, वृक्षारोपण सहित सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।

दंतेश्वरी माई के नाम पर होगा जगदलपुर एयरपोर्ट
जगदलपुर एयरपोर्ट का नामकरण छत्तीसगढ़ की आराध्य देवी दंतेश्वरी माई के नाम पर किया जाएगा। सीएम बघेल ने बस्तर के जनप्रतिनिधियों की मांग पर इस पर सहमति दी। उद्योग मंत्री कवासी लखमा के नेतृत्व में बस्तर के जनप्रतिनिधियों ने सीएम से मुलाकात कर यह मांग रखी थी। जनप्रतिनिधियों ने नगरनार में निर्माणाधीन स्टील प्लांट के निजीकरण का विरोध करते हुए ज्ञापन भी सौंपा। सीएम ने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार बस्तरवासियों के साथ है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सीएम, स्पीकर व पीडब्ल्यूडी मंत्री ने शिलान्यास के बाद रहवासी एरिया का निरीक्षण किया।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/baghel-said-do-not-ruins-after-spending-thousands-of-crores-so-navnirman-in-nava-raipur-127666632.html

Post a Comment

और नया पुराने