कॉलेजों में फर्स्ट ईयर में दाखिले के लिए एक बार फिर प्रक्रिया शुरू की गई है। आवेदन के लिए ऑनलाइन पोर्टल फिर खोला गया है। नए और पुराने छात्र 4 सितंबर तक फिर से आवेदन कर सकेंगे। इसके तहत कॉलेजों में 8 सितंबर तक प्रवेश होगा। दाखिले का दो चरण खत्म होने के बाद भी कॉलेजों में आधी सीटें खाली हैं। खासकर प्राइवेट कॉलेजों में दाखिले कम हुए हैं। इसे लेकर पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश की तारीख बढ़ायी गई है।
शिक्षाविदों ने बताया कि कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया अगस्त में शुरू हुई। पहला चरण 24 अगस्त को खत्म हुआ। जबकि प्रवेश के लिए दूसरा चरण 31 अगस्त को खत्म हुआ। इसके बाद भी इस बार कॉलेजों में अधिकांश सीटें खाली रह गईं। प्रवेश को लेकर रविवि ने कॉलेजों से प्रवेशित छात्रों की जानकारी मांगी। इसमें कई कॉलेजों ने बताया कि उनके यहां उपलब्ध सीटों की तुलना में इस बार एडमिशन कम हुए हैं। इसे देखते हुए विवि प्रबंधन की ओर से प्रवेश की तारीख बढ़ायी गई है। इसके तहत फिर से ऑनलाइन पोर्टल भी खोला गया है। गौरतलब है कि बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए समेत ग्रेजुएशन के अन्य पाठयक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। पिछले साल दो चरण के बाद सरकारी कॉलेजों की अधिकांश सीटें भर गई थीं। प्राइवेट कॉलेजों में भी बड़ी संख्या में प्रवेश हुए थे। लेकिन इस बार सरकारी कॉलेजों में तो एडमिशन हो रहे हैं, लेकिन प्राइवेट कॉलेज दाखिले कम हुए हैं। मेरिट लिस्ट में नाम आने के बाद भी कई छात्र प्रवेश नहीं ले रहे हैं।
सीटें खाली रहने के बाद कॉलेजों को यह उम्मीद थी कि प्रवेश की जिम्मेदारी पूरी तरह से कॉलेजों पर छोड़ दी जाएगी। वे अपनी मर्जी से ऑफलाइन तरीके से छात्रों को सीधे प्रवेश दे सकेंगे। लेकिन रविवि ने इसकी मंजूरी नहीं दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/portal-open-for-admission-in-first-year-will-be-admitted-till-8-127680039.html
एक टिप्पणी भेजें