दसवीं-बारहवीं की पूरक परीक्षा किस तरीके से आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र में होगी या फिर असाइनमेंट से? अब तक यह तय नहीं हुआ है। पूरक के आयोजन को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर अब नए सत्र में बोर्ड एग्जाम की बारी भी आ गई है। अक्टूबर का महीना शुरू होने के बाद बोर्ड एग्जाम को लेकर कवायद शुरू हो जाती है। नवंबर में परीक्षा के लिए आवेदन और यहां तक की शेड्यूल भी जारी हो जाते हैं। ऐसे में इस साल जिन छात्रों को पूरक की पात्रता मिली है वे परेशान हो रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा पहले आयोजित हो जाती और नतीजे भी आ जाते तो इस सत्र में ही फर्स्ट ईयर में दाखिला लेने का अवसर मिल जाता। लेकिन लेटलतीफी से पूरा साल बर्बाद हो गया है। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल के अफसरों का कहना है कि सितंबर तक स्कूल बंद थे। इस समय परीक्षा का आयोजन मुश्किल था। अक्टूबर में पूरक का आयोजन किया जाएगा। कोरोना काल में पूरक परीक्षा नए तरीके से होंगी या फिर पुराने तरीके से परीक्षा केंद्र में आयोजित की जाएगी, इस संबंध में जल्द सूचना जारी होगी। इससे पहले, पिछली बार बोर्ड एग्जाम में करीब 60 हजार छात्रों को पूरक की पात्रता मिली है। वहीं दूसरी ओर बोर्ड एग्जाम में करीब 1 लाख छात्र फेल हुए हैं। माशिमं की ओर से फेल हुए छात्रों के लिए भी अवसर परीक्षा का आयोजन किया जाता है। यह पूरक परीक्षा के साथ आयोजित की जाती है। इसलिए फेल हुए छात्र भी अवसर परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।
असाइनमेंट से हो सकती है पूरक परीक्षा : कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस बार पूरक की परीक्षा असाइनमेंट के फार्मूले से आयोजित की जा सकती है। परीक्षा केंद्र में एग्जाम आयोजित करने में परेशानी होगी। छात्रों को भी दिक्कत होगी। असाइनमेंट के फार्मूले से छात्र घर बैठे ही परीक्षा दे सकते हैं। पिछली बार ओपन बोर्ड की परीक्षा इसी तरीके से हुई थी। इसलिए असाइनमेंट के आधार पर ही परीक्षा होने की संभावना ज्यादा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/tenth-twelfth-supplementary-examination-not-yet-decided-and-now-the-board-exams-turn-in-the-new-session-127765636.html
एक टिप्पणी भेजें