भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने गुरुवार को संगठन महामंत्री पवन साय के साथ नई कार्यकारिणी के संबंध में दिल्ली में दिग्गज नेताओं के साथ बातचीत की। वे शुक्रवार शाम को लौटेंगे। इसके बाद एक-दो दिनों में कार्यकारिणी का ऐलान कर सकते हैं। कार्यकारिणी के साथ प्रमुख मोर्चा-प्रकोष्ठ में भी नाम तय किए जा सकते हैं।
साय को तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बने अब ढाई महीने हो चुके हैं। उनकी कार्यकारिणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्सुकता है। वे पहले ही पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह से बातचीत कर चुके हैं। यही वजह है कि गुरुवार को जब वे दिल्ली में थे, तब सौदान बिहार में थे। बिहार चुनाव के मद्देनजर सौदान वहां कैम्प कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री साय ने छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. अनिल जैन व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा से बातचीत की है। हालांकि लोकसभा सत्र के लिए दिल्ली में डटे सांसदों के साथ प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री की मुलाकात नहीं हुई है। प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि साय ने कार्यकारिणी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की राजनीतिक गतिविधियों और भविष्य के कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा की है। मरवाही उपचुनाव को लेकर भी रणनीति पर बातचीत हुई। साय ने उपचुनाव के लिए दावेदारों के नाम रखे। अब बदली हुई परिस्थिति के मुताबिक राज्य सरकार के विरुद्ध आक्रामक आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा हुई है। कोरोना की वजह से भाजपा ने मौखिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया है।
हर संभाग से एक-एक महामंत्री लिए जाने के संकेत
साय की नई टीम को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है कि वे नए लोगों को मौका देंगे या फिर से पुराने चेहरों को रिपीट करेंगे। महामंत्री के संबंध में जो बात सामने आ रही है, उसमें रायपुर, बस्तर और बिलासपुर संभाग से एक-एक पदाधिकारी को मौका दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सांसद या विधायक को मौका दिया जा सकता है। वर्तमान में रायपुर सांसद सुनील सोनी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, जबकि राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय महामंत्री हैं। हालांकि महामंत्री के रूप में उन नेताओं को मौका दिया जाएगा, जो संगठन के काम से लगातार दौरा कर सकें और कोई दूसरी जिम्मेदारी न हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/vishnudevs-new-team-in-a-day-or-two-churning-with-veterans-in-delhi-127729328.html
एक टिप्पणी भेजें