छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय जल्द ही नई कार्यकारिणी का ऐलान करेंगे। राष्ट्रीय नेतृत्व ने साय को नई टीम बनाने हरी झंडी दे दी है। साय ने संकेत दिए हैं कि उनकी टीम में ज्यादातर नए युवा चेहरे होंगे। वहीं पुराने चेहरों को भी दरकिनार नहीं किया जाएगा। एक-दो दिन में इसकी घोषणा कर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद साय पहली बार मंगलवार को दिल्ली गए थे। इस बार वे कार्यकारिणी गठन को हरी झंडी लेने ही गए थे।
प्रदेश बीजेपी के तीसरी बार अध्यक्ष बने साय पर डा. रमन सिंह, सौदान सिंह जैसे बड़े नेताओं के दबाव के चलते कार्यकारिणी नहीं बना पाने के आरोप लग रहे थे। इन तीन दिनों में विष्णुदेव ने अपने प्रदेश महामंत्री पवन साय के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रभारी अनिल जैन से मुलाकात कर नई कार्यकारिणी गठन के लिए सहमति ले ली है। दोनों ही नेता शुक्रवार शाम लौट आए हैं। विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य की कार्यकारिणी बनाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से इजाजत मिल गई है, जल्द ही टीम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में सभी मोर्चे-प्रकोष्ठों का भी नए सिरे से गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कार्यकारिणी में ऊर्जा और अनुभव का मिश्रण होगा नई कार्यकारिणी में। मरवाही चुनाव को लेकर साय ने कहा कि वहां मुकाबले में भाजपा और जोगी कांग्रेस है। कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ेगा।
हर संभाग से एक-एक महामंत्री
साय की नई टीम में महामंत्री के संबंध में जो बात सामने आ रही है, उसमें रायपुर, बस्तर और बिलासपुर संभाग से एक-एक पदाधिकारी को मौका दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सांसद या विधायक को मौका दिया जा सकता है। वर्तमान में रायपुर सांसद सुनील सोनी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, जबकि राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय महामंत्री हैं। हालांकि महामंत्री के रूप में उन नेताओं को मौका दिया जाएगा, जो संगठन के काम से लगातार दौरा कर सकें और कोई दूसरी जिम्मेदारी न हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/sais-executive-gets-permission-most-young-faces-one-general-secretary-from-each-division-127732642.html
एक टिप्पणी भेजें