लॉकडाउन के करीब छह महीने बाद राजधानी के ट्रैफिक में बड़े बदलाव की तैयारी कर ली गई है। प्रशासन और पुलिस ने शहर के एक दर्जन से ज्यादा चौराहों की पहचान कर ली है, जहां डिवाइडरों की गैरजरूरी ओपनिंग बंद की जाएगी। आधा दर्जन से ज्यादा सड़कों पर नए डिवाइडर बनेंगे। इनमें रेलवे स्टेशन की सड़कें भी शामिल हैं। निगम कई सड़कों का चौड़ीकरण भी करेगा, जिसमें अंतरराज्यीय बस स्टैंड जाने वाली सड़क भी शामिल है। टाटीबंध चौक पर मिलने वाली सड़कों के लिए नए ट्रैफिक सिग्नल लगेंगे और सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएंगे। सभी काम हफ्तेभर में शुरू हो जाएंगे। शहर में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लंबे समय के बाद जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में ही जोर दिया गया कि शहर के ट्रैफिक को सुधारने के लिए बड़े बदलाव की जरूरत है। इसके बाद नए प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कलेक्टर ने नेशनल हाईवे के काम में हो रही देरी में नाराजगी जाहिर करते हुए अफसरों को फटकार भी लगाई। बैठक में लोकसभा सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, महापौर एजाज ढेबर, कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन, एसएसपी अजय यादव समेत कई अफसर मौजूद थे।
इस तरह होंगे मुख्य बदलाव
- रेल्वे स्टेशन के गेट नंबर 1-2 के बीच नए डिवाइडर बनेंगे। यहां सड़कों को दो भागों में बांटा जाएगा, ताकि दो रूट हों।
- शहर के ऐसे चौक-चौराहों जहां अनाधिकृत गैप-वे हैं उन्हें बंद कर दिया जाएगा। खुले डिवाइडरों को भी बंद कर देंगे।
- अनुपम नगर चौक से खम्हारडीह कचना की ओर जाने वाली सड़क पर 50 मीटर तक नया डिवाइडर बनाया जाएगा।
- अवंति बाई चौक को व्यवस्थित करने के लिए पहली बार वैकल्पिक रास्ते बनाए जाएंगे और वहां चौड़ीकरण भी होगा।
- सुभाषनगर नहरपारा से संजय गांधी चौक रेल्वे स्टेशन की ओर जाने वाले सड़क के अंतिम भाग का चौड़ीकरण जल्द।
- अनुपम नगर चौक से बीटीआई शंकरनगर की ओर जाने वाली सड़क पर 50 मीटर का नया डिवाइडर जल्द बनेगा।
- अंतरराज्यीय बस स्टैंड से आसान सफर के लिए भाठागांव चौक से चांदनी चौक नेहरूनगर तक सड़क का चौड़ीकरण।
- वीआईपी रोड में सुरक्षा संकेतक, स्पीड लिमिट बोर्ड की संख्या बढ़ाएंगे। साइकिलिंग के लिए अलग लेन बनाई जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/unnecessary-openings-of-dividers-will-be-closed-more-than-half-a-dozen-roads-will-be-built-many-more-changes-127679774.html
एक टिप्पणी भेजें