जीएसटी को लेकर वाणिज्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा- ... वो कहीं से जिंदगी भी मांग लाएंगे उधार

जीएसटी की क्षतिपूर्ति राशि को लेकर एक बार फिर छत्तीसगढ़ के वाणिज्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इस पर उन्होंने कवि दुष्यंत कुमार की नज्म को पोस्ट कर भाजपा के प्रचार और जीएसटी को लेकर उसके प्रस्तावों पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'अब किसी को भी नज़र आती नहीं कोई दरार... वो कहीं से जिंदगी भी मांग लाएंगे उधार'।

दरअसल, जीएसटी की क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान राज्यों को चार माह बीतने के बाद भी नहीं किया गया है। इसको लेकर कई बार राज्य और केंद्र के बीच तकरार भी हो चुकी है। इसके बाद केंद्र सरकार ने राज्यों के सामने दो प्रस्ताव रख दिए। एक सेस का और दूसरा रिजर्व बैंक से कर्ज लेने का। इसी के बाद वाणिज्य मंत्री सिंहदेव ने भाजपा की प्रचार और उधार नीति पर व्यंग्य किया है।

जीएसटी क्षतिपूर्ति पर छत्तीसगढ़ के साथ 6 राज्य, कर्ज से इनकार
जीएसटी क्षतिपूर्ति पर छत्तीसगढ़ के साथ छह राज्य भी खड़े हैं। सिंहदेव ने सोमवार को इस संबंध में पंजाब, दिल्ली, केरल, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्रियों के साथ बैठक हुई थी। सभी राज्यों ने सर्वसम्मति से केंद्र सरकार के दोनों प्रस्तावों (जीएसटी सेस कमी और लोन) को अस्वीकार कर दिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार को राज्यों के लिए यह संवैधानिक दायित्व नहीं सौंपना चाहिए।

राज्यों को क्षतिपूर्ति प्रदान करना केंद्र का दायित्व है
सिंहदेव इससे पहले भी कह चुके हैं, जीएसटी क्षतिपूर्ति प्रदान करना केंद्र सरकार का दायित्व है और वर्तमान में असक्षम नजर आ रही है। केंद्र को स्वयं ऋण लेकर राज्यों को क्षतिपूर्ति प्रदान करनी चाहिए। जीएसटी का उद्देश्य 'एक राष्ट्र एक कर' था। सभी राज्यों ने क्षतिपूर्ति प्रदान करने के आधार पर सहमति दी थी, लेकिन वर्तमान में बहुमत के अहंकार में भाजपा अनैतिक निर्णय कर राज्यों पर दबाव बना रही है।

मुख्यमंत्री बघेल भी केंद्रीय वित्त मंत्री को लिख चुके हैं पत्र
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर क्षतिपूर्ति नहीं दिए जाने पर सवाल खड़े कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है, जीएसटी राशि का भुगतान किया जाए। केंद्र ने जो कर्ज लेने का विकल्प दिया है, इससे राज्य पर भार पड़ेगा। जीएसटी क्षतिपूर्ति प्रत्येक 2 माह में दिए जाने का प्रावधान है। फिर भी चार माह से क्षतिपूर्ति राशि 2828 करोड़ रुपए राज्य सरकार को नहीं मिली है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जीएसटी की क्षतिपूर्ति राशि को लेकर एक बार फिर छत्तीसगढ़ के वाणिज्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इस पर उन्होंने कवि दुष्यंत कुमार की नज्म को पोस्ट कर भाजपा के प्रचार और जीएसटी को लेकर उसके प्रस्तावों पर तंज कसा है।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/chhattisgarh-commerce-tax-minister-ts-singh-deo-on-narendra-modi-government-over-gst-taunted-bjp-by-posting-poet-dushyant-kumars-poem-127677554.html

Post a Comment

और नया पुराने