छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सहायक प्राध्यापक के लिए होने वाली परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग द्वारा उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक के रिक्त 1384 पदों के लिए 5 से 8 नवंबर तक लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। लंबे समय से इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी इंतजार कर रहे थे। आयोग के सचिव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा की समय-सारणी अलग से जारी की जाएगी। आयोग एक-एक करके सभी लंबित भर्ती परीक्षाओं को आयोजित कराने में जुट गया है। उच्च शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों को भरने से कॉलेजों में प्राध्यापकों की कमी पूरी होगी। इसके अलावा आयोग अब पहली बार यहां प्रोफेसरों की भर्ती की तैयारी कर रहा है। उच्च शिक्षा विभाग से करीब 595 प्रोफेसरों की सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव मिलने के बाद प्रक्रिया शुरू की गई है। इन पदों के लिए देशभर से आवेदन मंगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रथम और द्वितीय श्रेणी के करीब 400 पदों पर अधिकारियों की भर्ती भी होनी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से कई विभागों से प्रस्ताव मंगाए गए हैं।
कालेजों व विश्वविद्यालयों की स्थिति सुधरेगी : बता दें कि प्रोफेसरों के पद खाली होने की वजह से विश्वविद्यालयों और कालेजों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से कई प्रकार के अनुदान भी नहीं मिल पा रहा है। साथ ही नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) की ग्रेडिंग कराने में भी दिक्कत हो रही है। छत्तीसगढ़ में आठ सरकारी और आठ ही निजी विश्वविद्यालय हैं। इनमें से अभी तक छह विश्वविद्यालयों की ग्रेडिंग हो चुकी है। इसी तरह 574 कालेजों में से 126 कालेजों की ही नैक ग्रेडिंग हुई है। पिछले 20 साल से छत्तीसगढ़ में प्रोफेसर के स्वीकृत पदों पर भर्ती नहीं हो पाई है। प्रोफेसरों की भर्ती के लिए अधिकतम उम्र 45 साल, पीएचडी और 10 साल का शिक्षण अनुभव अनिवार्य है। बताया जा रहा है कि असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ ही प्राेफेसरों की सीधी भर्ती से कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के स्तर में बड़े बदलाव होंगे।
मेंस आयोजन स्थगित करने एक हजार अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा की मुख्य परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दी है। 18 से 21 अक्टूबर तक राज्य के पांच जिला व संभाग मुख्यालयों में लिखित परीक्षा होगी। लेकिन इसी बीच कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच मुख्य परीक्षा के आयोजन पर अभ्यर्थियों ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। 1009 अभ्यर्थियों ने आयोग अध्यक्ष समेत, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री व स्वास्थ मंत्री को ऑनलाइन ज्ञापन भेजकर मुख्य परीक्षा को स्थगित करने की मांग की है। अभ्यर्थियों ने तर्क दिया है कि 18 से 1 तक लगातार परीक्षा होनी है। तीन दिन तक दो-दो पालियों में तीन-तीन घंटे अर्थात छह घंटे तक परीक्षा होगी। तीन-तीन घंटे तक मास्क लगाकर एक्जाम देने में काफी दिक्कत होने की बात कही गई है। साथ ही इस दौरान संक्रमण से बचाव करना संभव नहीं है। इन्हीं सब आशंकाओं को जताते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा को फिलहाल टालने का आग्रह किया है। इधर, अयोग ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा आयोजित करने की दिशा में तैयारी तेजी कर दी है।
8 को प्रवेश-पत्र होगा जारी
राज्य सरकार के 18 विभिन्न विभागों में 242 पदों के लिए 3617 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। कोरोना संक्रमण के बढ़ते स्तर को देखते हुए 17 से 20 जून को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब नए सिरे परीक्षा को आयोजित करने की तैयारी है। आयोग की वेबसाइट पर जारी सूचना के मुताबिक परीक्षा के लिए 8 अक्टूबर को प्रवेश-पत्र जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। किसी तरह की दिक्कत होने पर वेबसाइट पर दिए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/written-examination-for-the-1384-posts-of-assistant-professor-from-5-to-8-november-will-also-recruit-professors-127781381.html
एक टिप्पणी भेजें