रायपुर के सरकारी इंग्लिश स्कूलों में चपरासी के लिए इंजीनियरिंग और एमबीए डिग्रीधारी भी कतार में, 15 पदों के लिए मिले 3000 से ज्यादा आवेदन

सुधीर उपाध्याय | राजधानी में इस साल शुरू हुए सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में चपरासी के पद पर संविदा भर्ती के लिए न सिर्फ बीए, बीकॉम वाले छात्रों ने आवेदन किया है, बल्कि एमबीए व इंजीनियरिंग पास कर चुके लोग भी कतार में हैं। तीनों स्कूल में चपरासी के कुल 12 और चौकीदार के 3 पद हैं। इन पदों के लिए करीब तीन हजार से अधिक आवेदन मिले हैं।
आवेदनों की जांच की जा रही है। अगले सप्ताह उम्मीदवारों की लिस्ट दावा-आपत्ति के लिए जारी हो जाएगी।इससे पहले, राजधानी में बीपी पुजारी, आरडी तिवारी स्कूल और शहीद स्मारक स्कूल में इस साल से इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई होगी। इसके लिए संविदा के आधार पर शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक के 70 पदों पर भर्ती होगी। पिछले दिनों इसके लिए आवेदन मंगाए गए थे। करीब 14 हजार आवेदन मिले हैं। शिक्षकों के साथ ही चपरासी व चौकीदार के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। अफसरों ने बताया कि चपरासी पद के लिए 15600 रुपए का मानदेय निर्धारित है। इस पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास मांगी गई। करीब 3 हजार तक आवेदन मिले हैं। एमबीए, इंजीनियरिंग पास कर चुके लोगों ने भी आवेदन किया है। इसके अलावा ग्रेजुएशन व पीजी पास छात्रों के आवेदन भी चपरासी के पद के लिए मिले हैं।
हालांकि, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं मांगी गई है, इसलिए आठवीं के रिजल्ट को ही आधार बनाया जाएगा। विभिन्न पदों के लिए प्राप्त आवेदनों के अनुसार उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही यह लिस्ट जारी होगी। इसके अनुसार दावा-आपत्ति मंगायी जाएगी। सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक पदों के लिए पहले ही मानदेय तय किया जा चुका है।
इसके अनुसार व्याख्याता के लिए 38100 रुपए, शिक्षक 35400 रुपए, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला को 35400 रुपए, प्रधान पाठक मिडिल स्कूल को 38100 रुपए, सहायक शिक्षक 25300 रुपए, व्यायाम शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक के लिए 33400 रुपए, ग्रंथपाल को 22400 रुपए, प्रयोगशाला सहायक और सहायक ग्रेड-2 को 25300 रुपए और सहायक ग्रेड-3 के लिए 19500 रुपए है। जबकि भृत्य और चौकीदार के लिए 15600 रुपए का मानदेय निर्धारित है।

15 के बाद होगा इंटरव्यू
तीनों सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में संविदा भर्ती के लिए 15 अक्टूबर के बाद इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि एक पद के लिए कितने उम्मीदवारों का इंटरव्यू होगा। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि एक पद के लिए 10 उम्मीदवार बुलाए जा सकते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Engineering and MBA degree holders are also in the queue for peons in government English schools of Raipur, more than 3000 applications received for 15 posts


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/engineering-and-mba-degree-holders-are-also-in-the-queue-for-peons-in-government-english-schools-of-raipur-more-than-3000-applications-received-for-15-posts-127772109.html

Post a Comment

और नया पुराने