अक्टूबर में ज्यादा ठंड नहीं पड़ती और बस इसकी शुरुआत ही मानी जाती है लेकिन अब हर दिन पारा लुढ़क रहा है। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री था जो रविवार को लुढ़ककर 18.8 डिग्री पर पहुंच गया। दरअसल एक गहरा अवदाब उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास स्थित था। इसके साथ चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित था। इस अवदाब के कारण बहुत अधिक नमी प्रदेश के दक्षिणी भाग में आ रही थी। इसके कारण तापमान में गिरावट नहीं हो पा रही थी। पर अब नमी आना बंद हो गई, जिसके कारण तापमान में गिरावट आने लगी है। आने वाले दिनों में और गिरावट की संभावना है।
रविवार को मौसम शुष्क रहा। हालांकि इसकी संभावना मौसम विभाग ने पहले ही जताई थी। सुबह से अधिकतम तापमान ज्यादा रहा। जैसे जैसे दिन गुजरता गया और तापमान बढ़ता गया। दोपहर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज हुआ जबकि एक दिन पहले 31.6 डिग्री दर्ज हुआ था। यानी 24 घंटे के बाद तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य बांग्लादेश के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में निम्न स्तर पर नमी आ रही है। इसलिए हल्के बादल के रूप में दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश में आने वाले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने की संभावना है तथा न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अमूमन नवंबर में ही शहर में अच्छे से ठंड पड़ती है। पर अक्टूबर में ठंड दस्तक दे देती है। ऐसा ही इस बार भी हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब धीरे-धीरे रात और दिन का तापमान कम होने लगेगा। हालांकि अभी ठंड से बचाव के ज्यादा उपाय लोग नहीं कर रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में गर्म कपड़े पहनते नजर आएंगे और कपड़ा दुकानों में स्वेटर-जैकेट और शाल की डिमांड फिर बढ़ेगी।
2009 में 12 डिग्री पहुंचा था पारा
2009 का आंकड़ा चौंकाने वाला है। तब 26 अक्टूबर को बिलासपुर शहर का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 12 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके बाद के दस वर्षों में कभी न्यूनतम तापमान अक्टूबर में इतना दर्ज नहीं हुआ। पिछले साल तो न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री में अटक गया। इसके बाद यह नीचे नहीं लुढ़का। बता दें अक्टूबर 2009 में अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज हुआ था जो कि अक्टूबर का सर्वाधिक तापमान भी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/news/for-the-first-time-in-october-this-year-the-minimum-temperature-was-188-degrees-127850690.html
एक टिप्पणी भेजें