कोतवाली चौक से गांधी मैदान होते हुए लैंड रिकार्ड के पुराने दफ्तर (निगम मुख्यालय के पास) तक की सड़क अब फोरलेन बनाई जाएगी। कोतवाली की पुरानी बिल्डिंग और उससे लगा पुराना आवासीय परिसर तोड़ने के बाद काफी जगह निकल गई है। चौक से गांधी मैदान तक कुछ कब्जे एक-दो दिन में हटाने की तैयारी है, क्योंकि इसके बाद से निगम मुख्यालय तक सड़क के लिए काफी जमीन है। इस सड़क के साथ-साथ छोटापारा से गांधी चौक जाने वाली सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए कांग्रेस भवन की करीब 20 फीट जमीन ली जा रही है।
जहां तक कोतवाली चौक का सवाल है, थाना भवन हटाने के बाद अगर नए भवन के सामने 25 फीट जगह छोड़ी जाए, तब भी यहां से गांधी मैदान तक फोरलेन सड़क बनाने की जगह आसानी से निकल रही है। बीच में कुछ कब्जे हैं, जिन्हें निगम ने दो-तीन दिन में तोड़ने की तैयारी कर ली है। यह सड़क इसलिए बनाई जा रही है ताकि मालवीय रोड और सदर बाजार की ट्रैफिक समस्या दूर की जा सके। रायपुर स्मार्ट सिटी ने इस सड़क का प्लान बनाकर टेंडर भी जारी कर दिया है। इसका काम भी जल्द शुरू होगा, क्योंकि अफसरों से कहा गया है कि राज्य स्थापना दिवस यानी 1 नवंबर को कोतवाली की नई बिल्डिंग का लोकार्पण होना है, तब तक सड़क पूरी कर ली जाए।
प्रवेश द्वार को भी चौड़ा करेंगे
चावड़ी और कांग्रेस भवन के बाजू से दो सड़क एक जगह पर मिलेगी। यहां से फोरलेन सड़क गांधी मैदान, भूअभिलेख दफ्तर के पास मिलेगी। यहां पर निगम मुख्यालय का प्रवेश द्वार बनाया गया है। प्रवेश द्वार के तीन पिलर हैं। सड़क चौड़ी होने के बाद प्रवेश द्वार में दो अतिरिक्त पिलर लगाकर उसे भी चौड़ा किया जाएगा।
दूर से दिखेगी सड़क
अफसरों के अनुसार नई सड़क बनने के बाद यह सड़क जयस्तंभ चौक से एक सीध में नजर आएगी। इससे मालवीय रोड और सदर बाजार तथा छोटापारा रोड की ट्रैफिक की दिक्कत कम हो जाएगी। 30 नवंबर तक यह सड़क तैयार लोगों के लिए शुरू कर दिया जाना है। कोतवाली चौक से बिजली आफिस चौक भी इस नई सड़क बनने के बाद काफी स्मूथ बन जाएगी।
"कोतवाली से गांधी मैदान होते हुए भूअभिलेख दफ्तर तक फोरलेन सड़क तैयार किया जाना है। इसका टेंडर भी जारी कर दिया गया है। इससे तीन तरफ की सड़क की ट्रैफिक की दिक्कत दूर हो जाएगी।"
- एजाज ढेबर, महापौर रायपुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/fourlane-road-will-be-built-from-kotwali-to-corporation-headquarters-via-gandhi-maidan-127831474.html
एक टिप्पणी भेजें