अजीत जोगी के पैतृक गांव में गरजे सीएम भूपेश बघेल; कहा- सबसे विकसित और सुंदर जिला बनाएंगे मरवाही

मरवाही उपचुनाव प्रचार के अंतिम समय अजीत जोगी के गढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को जमकर गरजे। उन्होंने कहा मरवाही को सबसे सुंदर और विकसित जिला बनाएंगे। इसकी शुरुआत पिछले साल 15 अगस्त को नया जिला बनाने से हो गई है। उन्होंने पूर्व मंत्री रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, 15 साल नहीं दिखाई दिए, अब यहां पर क्या करने आए हैं।

मरवाही के डोंगरिया में चुनावी सभी को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल। साथ में मंत्री ताम्रध्वज ‌साहू, कवासी लखमा, प्रेमसाय सिंह, जयसिंह अग्रवाल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम मौजूद थे।

तीन दिवसीय मरवाही दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीन सभाएं की। इसमें डोंगरिया, कोडगार और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पैतृक गांव जोगीसार शामिल है। सभा में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कवासी लखमा, मोहन मरकाम के साथ तमाम नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा, जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मैं इस जिले के प्राकृतिक सौंदर्य से बहुत प्रभावित होता हूं।

जिले का विकास शुरू हुआ है, आगे भी जारी रहेगा
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- जिला बनाने के साथ विकास की शुरुआत की गई है। लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पास ही तहसील भवन में अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इसे आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय पर निशाना साधते हुए कहा, हाथरस जैसी घटनाओं पर यह लोग चुप क्यों रहते हैं? ये विकास का समय है, इसलिए भाजपा को समझ में नहीं आ रहा है।

यह तस्वीर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पैतृक गांव जोगीसार की है। यहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा में जमकर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी।

मुख्यमंत्री बघेल भाजपा और डॉ. रमन सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि 15 साल के अपने कार्यकाल में उन्होंने मरवाही को उपेक्षित रखा। रमन सरकार ने विकास यात्रा निकाली परंतु विकास मरवाही तक नहीं पहुंचा था। मरवाही के लोगों को रमन सिंह से पूछना चाहिये कि 15 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद उन्होंने जिला क्यों नहीं बनाया ?

कल मध्य प्रदेश के अनूपपुर में भी मुख्यमंत्री की सभा
मुख्यमंत्री भूपेश बधेल अमरकंटक के लिए रवाना हो गए हैं। वहां रात्रि विश्राम करने के बाद 30 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहां से रवाना होकर दोपहर 1.30 बजे गौरेला ब्लॉक के ग्राम बस्तीबगरा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 3 बजे मरवाही ब्लॉक के ग्राम लोहारी में और शाम 4 बजे के बाद वे मनेंद्रगढ़ रवाना होंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा मरवाही को सबसे सुंदर और विकसित जिला बनाएंगे। उन्होंने पूर्व मंत्री रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, 15 साल नहीं दिखाई दिए, अब यहां पर क्या करने आए हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को मरवाही में सभा को संबोधित कर रहे थे।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/gaurela/news/bhupesh-baghel-in-ajit-jogi-village-chhattisgarh-cm-attacks-on-former-minister-raman-singh-127861147.html

Post a Comment

और नया पुराने