छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार देर रात दो अलग-अलग क्षेत्रों में आग लगने की घटना सामने आई। डीडी नगर क्षेत्र के सरोना में मकान में आग लगने से दो लोग झुलस गए। माना जा रहा है कि यह हादसा शार्ट सर्किट की वजह से हुआ। वहीं, कोतवाली क्षेत्र में एक पोकलेन आग की चपेट में आ गई। हालांकि उसमें आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, सरोना स्थित BSUP कॉलोनी के मकान नंबर 15 में शनिवार रात अचानक आग लग गई। इससे पहले की कोई समझ पाता आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि हादसे में नासिर और जमीला झुलस गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां खड़ी बाइकें भी खाक हो गई।
नगर निगम बिल्डिंग के पीछे खड़ी पोकलेन में लगी आग
कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर निगम की बिल्डिंग के पीछे खड़ी पोकलेन में भी रात को आग लग गई। निगम की ओर से चल रहे निर्माण कार्य में पोकलेन का इस्तेमाल हो रहा था। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। पोकलेन में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि शरारती तत्वों के आग लगाने की भी आशंका जताई जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/two-people-including-woman-burnt-in-fire-today-at-two-places-in-chhattisagrh-raipur-127936489.html
एक टिप्पणी भेजें