राजधानी में नकली जीएसटी बिल बनाकर 21.31 करोड़ के फर्जीवाड़े का बड़ा खेल फूटा है। इस्पात कंपनियों के नाम से नकली खरीदी-बिक्री दिखाई गई और इनपुट टैक्स क्रेडिट के नाम पर खातों में करोड़ों रुपए वापस ले लिए गए। केंद्रीय जीएसटी महकमा रिटर्न की जांच कर रहा था, तब पता चला कि एचके इंटरप्राइजेस ने ओम इस्पात और नारायण स्टील्स भिलाई की ओर से जारी चालान को गलत तरीके से पेश किया और इनपुट टैक्स क्रेडिट का फायदा ले लिया।
एचके इंटरप्राइजेस ने इनपुट टैक्स क्रेडिट के नाम पर 21.31 करोड़ रुपए विभाग से वापस ले लिए। इस खुलासे के बाद एचके इंटरप्राइजेस के मालिक मिथिलेश को सीजीएसटी एक्ट-132 एवं धारा 69 (1) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
केंद्रीय जीएसटी विभाग लगातार ऐसे रिटर्न की जांच कर रहा है, जिनमें अचानक करोड़ों रुपए का लेन-देन हुआ है। इसी जांच के दौरान इन दोनों कंपनियों का खुलासा हुआ। यह बात भी उजागर हुई कि ओम इस्पात और नारायण स्टील्स का दफ्तर तक नहीं है। केवल कागजों में ही इस कंपनी को बनाया गया था। दोनों कंपनियों के नाम से फर्जी बिल जनरेट किए गए। क्रेडिट बिल जारी करने के रायपुुर, भिलाई के अलावा राज्य के कई जिलों में प्रमाण मिले हैं। इस वजह से कई कंपनियों को जांच के दायरे में ले लिया गया है। इस मामले में कुछ और खुलासे के संकेत मिले हैं।
नौकरों के नाम से फर्जी साइट
जीएसटी के संयुक्त आयुक्त श्रवण कुमार बंसल ने बताया कि जांच के दौरान कई तरह के खुलासे हो रहे हैं। फर्जी कंपनी बनाने वाले बड़े कारोबारी अपने नौकरों के नाम पर कंपनी बना रहे हैं। इतना ही नहीं फर्जी वेबसाइट बनाकर कंपनी का प्रमोशन भी किया जाता है। ताकि ऑनलाइन कोई उसकी जांच करे तो वो दिखाई दे। इस तरह की कंपनी का न तो कोई दफ्तर होता है और न ही उसमें कोई कर्मचारी काम करता है। केवल फर्जी बिल बनाने के लिए इस तरह की कंपनियों के नाम का उपयोग किया जाता है।
फर्जी कंपनियों के खिलाफ जांच आगे भी जारी रहेगी
"पिछले 3 महीने से नकली चालान के मामले में सीजीएसटी विभाग सख्ती से जांच कर रहा है, इसलिए बड़े मामले सामने आ रहे हैं। हर तरह का डाटा विश्लेषण करने के बाद ही बड़े रैकेटों की पहचान हो रही है। फर्जी कंपनियों के खिलाफ यह जांच आगे भी जारी रहेगी।"
-बीबी महापात्रा, प्रिसिंपल कमिश्नर सेंट्रल जीएसटी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/central-gst-nabbed-a-steel-trader-from-raipur-looted-the-central-agency-127912395.html
एक टिप्पणी भेजें