निवार तूफान के असर से कल राजधानी में फिर छाएंगे बादल

तमिलनाडु व पुडुचेरी में आ रहे निवार महाचक्रवात (तूफान) का असर गुरुवार को सुबह से प्रदेश में शुरू हो जाएगा। बस्तर में बादल घने रहेंगे और वहां अच्छी बारिश के आसार हैं। राजधानी रायपुर और दुर्ग संभागों में गुरुवार को बादल रहेंगे और एक-दो जगह बौछारें भी पड़ सकती हैं। निवार तूफान का असर बिलासपुर संभाग पर कम और सरगुजा पर नहीं के बराबर रहेगा। राजधानी में बादल आने से एक बार फिर गुरुवार रात से तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।
लालपुर मौसम विज्ञानी केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि तूफान के असर के दौरान प्रदेश में पश्चिम की तरफ से आने वाली हवा में नमी नहीं रहेगी, लेकिन दक्षिण से हवा अपने साथ बादल लेकर अाएगी। इस वजह से बारिश के आसार बन गए हैं। यही नहीं, प्रदेश की ऊपरी हवा में एक चक्रवात भी बना है। इस वजह से भी महाचक्रवात का ज्यादा असर बस्तर संभाग और इससे लगे रायपुर-दुर्ग संभागों के क्षेत्रों में ही ज्यादा रहेगा।
राजधानी में मंगलवार को दोपहर का तापमान 29.6 डिग्री रहा। रात ठंडी रही और पारा 16 डिग्री के करीब पहुंचा। दोनों ही सामान्य तापमान है। हालांकि दुर्ग में लगातार दूसरे दिन भी तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रहते हुए 11.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। पेंड्रारोड व अंबिकापुर में भी रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम हो गया है।
पिछले तीन दिनों से राजधानी समेत प्रदेश में दिन व रात का तापमान गिरा था। अब न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड कुछ कम होगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/raipur/news/due-to-the-effect-of-preventive-storm-clouds-will-again-prevail-in-the-capital-tomorrow-127946711.html

Post a Comment

और नया पुराने