राजधानी और दुर्ग-भिलाई में ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क फैलाने वाली माफिया लखप्रीत कौर निरंकारी के नागपुर लिंक का खुलासा हुआ है। लखप्रीत के लिए नागपुर वाला लिंक ही कुरियर का काम करता था। वह मुंबई और नागपुर से ड्रग्स लेकर आता और सुरक्षित लखप्रीत को सौंपता था। उसके बाद महिला तस्कर अपने नेटवर्क से राज्य के बड़े शहरों में नशा बेचती थी।
पुलिस ने लखप्रीत के मोबाइल को साइबर लैब जांच के लिए भेजा था। उसमें कुछ डिलीट नंबरों को रीओपन किया गया। उसी में नागपुर के लिंक का नंबर मिला। पुलिस को डिलीट की हुई चैट भी मिल गई है। लखप्रीत और नागपुर के नए कनेक्शन के बीच ड्रग्स को लेकर काफी लंबी चैटिंग हुई है। पुलिस को ये क्लू भी मिल गया है नागपुर वाला कनेक्शन पिछले दो साल से यहां लखप्रीत को नशा पहुंचा रहा था। लंबे समय से लेन-देन होने के कारण वह यहां के माफिया का विश्वासपात्र हो गया था। वह लखप्रीत के गिरोह के सदस्यों को ड्रग्स की खेप सौंपकर लौट जाता था। अक्सर गाड़ियां बदलने की वजह से निगाह में नहीं आया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्रग्स रैकेट के अंतिम कड़ी तक पहुंचने के लिए दो टीम काम कर रही है। एक टीम प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में जांच में जुटी हुई। दूसरी टीम साइबर सेल की है। अब तक की जांच में इसमें कुछ नाइजीरियन तस्करों के नाम सामने आए है।
टैक्सी वाले करते हैं कोरियर का काम
मुंबई और गोवा में ज्यादातर टैक्सी वाले ड्रग्स की सप्लाई का काम कर रहे हैं। ड्रग्स के बड़े तस्कर और नाइजीरियन गिरोह के लोग सामने आकर कारोबार नहीं करते। उन्होंने ड्रग्स की सप्लाई से लेकर ग्राहकों को बेचने के लिए ऑटो और टैक्सी वालों का पूरा चेन बना लिया है।
न्यू ईयर की पार्टियों पर नजर
राजधानी में 31 दिसंबर की रात होने वाली न्यू ईयर पार्टियों पर पुलिस की नजर रहेगी। होटल, रेस्टोरेंट, बार और फार्महाउस की जांच के लिए साइबर सेल की आधा दर्जन स्पेशल टीम बनाई जा रही है। हर टीम का प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस को बनाया जा रहा है। यह टीम 25 दिसंबर से ही होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और बार की जांच शुरू करेगी। जिला प्रशासन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि कहीं भी देर रात तक पार्टी की अनुमति नहीं होगी। ढाबों में भी निर्धारित समय के बाद भोजन कराने पर कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस शराब पिलाने पर सीधे होटल व रेस्टारेंट के मालिक के खिलाफ केस होगा।
नियमों के उल्लंघन का केस दर्ज किया जाएगा। ड्रग्स, गांजा से लेकर अन्य तरह के नशा परोसे जाने पर संस्थानों को पहले सील किया जाएगा। उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/women-smugglers-used-to-ask-for-drugs-from-mumbai-and-nagpur-disclosed-from-mobile-128042811.html
एक टिप्पणी भेजें