छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्री बोले- कोरोना से काफी नुकसान हुआ, अब आपदा को अवसर में बदलने की बारी

कोरोना महामारी ने देश के घरेलू और विदेशी पर्यटन उद्योग को बुरी तरह प्रभावित किया है। दो दिनी प्रवास पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा, कोरोना की वजह से टूरिज्म सेक्टर को काफी नुकसान हुआ है। अब हमें आगे देखना है कि आपदा को अवसर में कैसे बदल सकते हैं।

रायपुर के एक होटल में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने बताया, हमने देश में ऐसे टूरिस्ट गाइड तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जो संयुक्त राष्ट्र की सूची में मौजूद सभी भाषाओं को जान सकें। होटल और टूर एंड ट्रेवल एजेंसियों को भी एक प्लेटफार्म पर लाने की कोशिश हो रही है।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नक्सलिज्म का परसेप्सन तोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है। केंद्रीय मंत्री यहां एक भारत-श्रेष्ठ भारत घरेलू पर्यटन रोड शो के लिए आए हुए थे।

छत्तीसगढ़ और गुजरात के घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस रोड शो का आयोजन केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, गुजरात पर्यटन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने संयुक्त रूप से किया था। आयोजन में छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू भी शामिल हुए।

राम वनगमन पथ पर भी बात

छत्तीसगढ़ सरकार की राम वनगमन पथ और केंद्र सरकार की रामायण सर्किट योजना में स्थानों को लेकर आ रहे अंतर पर उठे सवालों का भी उन्होंने जवाब दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा, संस्कृति मंत्रालय उसपर काम कर रहा है।

सात राज्यों में 300 स्थल चिन्हित किए गए हैं। अगर कुछ नामों पर राज्यों को आपत्ति है तो उसे बदल देंगे। उन्होंने कहा, इसमें विवाद नहीं दिखता। मार्गों में कोई तकनीकी दिक्कत आ रही है तो बातचीत से हल हो जाएगा।

राम नाम पर राजनीति पर बोले-राम सबके हैं

छत्तीसगढ़ में भगवान राम के नाम पर तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी से जुड़े सवाल पर उन्होंने बचने की कोशिश की। प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा, राम सबके हैं। मुझे नहीं पता कि किसने क्या कहा। मुझे इसका उत्तर नहीं देना चाहिए।

दरअसल एक दिन पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंदखुरी में कहा था, कुछ लोग कालनेमी की तरह राम नाम का उपयोग करते हैं। कुछ दिन पहले कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा था, बीजेपी के राम नोट, वोट और दंगे की चोट वाले राम हैं, जबकि हमारे राम कौशल्या के राम हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
केंद्रीय पर्यटन मंत्री पर्यटन मंत्रालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं।


source https://www.bhaskar.com/national/news/union-minister-in-chhattisgarh-said-corona-suffered-a-lot-now-turn-to-turn-disaster-into-opportunity-128025668.html

Post a Comment

और नया पुराने