तेलीबांधा पुलिस ने सोमवार को चार तस्करों के साथ 34 पेटी एमपी की अवैध शराब पकड़ी। इस बीच दो गाड़ी में सवार तस्कर पुलिस को चकमा देने में सफल होकर भाग निकले। पुलिस ने शराब तस्करी की भनक सुबह ही लग गई थी। पूरे गिरोह को पकड़ने राजेंद्र नगर ओवरब्रिज, तेलीबांधा चौक और जोरा के पास चेकिंग पॉइंट लगाया था। पुलिस को देखकर तस्करों ने रास्ता बदल दिया और नवा रायपुर के रास्त से महासमुंद निकल पड़े। पुलिस को इसका भी पता चल गया। पुलिस ने तस्करों का पीछा किया। आरंग के पास पुलिस ने एक गाड़ी को पकड़ लिया। बाकी दो गाड़ियां महासमुंद की ओर निकल गई। महासमुंद पुलिस को इसकी सूचना दी गई, लेकिन तस्कर वहां भी चकमा देकर निकल गए। पुलिस गिरफ्तार किए गए चार तस्करों से पूछताछ कर रही है।
एएसपी लखन पटले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजनांदगांव की ओर से तीन गाड़ियों में शराब आ रही है। सूचना के बाद रात में चेकिंग पॉइंट लगाया गया। वहां से गुजरने वाली हर गाड़ियों की जांच की जाने लगी। इस दौरान तस्करों को पुलिस की जांच का पता चल गया। उन्होंने अपना रास्ता बदल दिया। पुलिस भी उनके पीछे पड़ गई। आरंग के पास पकड़ी गई कार में गोबरानवा पारा का अजय सिंह, तोश मल्होत्रा, दिनेश साहू और कुरुद का राजेश मरकाम सवार थे। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने बताया कि राजनांदगांव के आउटर में एक ट्रक शराब आया है। वहां से उन्होंने तीन गाड़ियों में शराब की पेटियां रखी और वे निकल गए। उन्हें महासमुंद में शराब की पेटियां छोड़नी थी। पुलिस ने चारों आरोपियों का मोबाइल जब्त किया है। उसमें कुछ बड़े तस्करों और शराब कोचियों का नंबर मिला है। आरोपियों ने कुछ लोगों के नाम का भी खुलासा किया है। इसमें होटल कारोबार से जुड़े लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शराब की तस्करी अब छोटी-छोटी और महंगी गाड़ियों में की जा रही है। ताकि किसी को शक न हो। तस्कर दूसरों से शराब मंगाकर राज्य की सीमा पर डंप कर रहे हैं। वहां से छोटी-छोटी गाड़ियों में डिलीवरी दी जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/liquor-smugglers-changed-the-way-to-see-the-blockade-the-police-chased-and-caught-128068051.html
एक टिप्पणी भेजें