छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसे तीन दिन से तेज बुखार था। युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ सबसे पहले 5 साल के बच्चे ने देखा। उसने ही बाहर आकर सबको बताया कि पापा ने फांसी लगा ली है। युवक के आत्महत्या करने का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
जानकारी के मुताबिक, सीपत क्षेत्र के ग्राम गुड़ी निवासी शैलेंद्र कुमार साहू (25) पिता हंसराम साहू दूसरे राज्यों में मजदूरी करने के लिए जाता था। लॉकडाउन के बाद वह घर लौटा तो फिर कहीं नहीं गया। घटना के समय घर में सिर्फ पिता और बेटा ही था। मंगलवार को उसका पांच साल का बेटा कमरे में गया। उसी ने बाहर आकर सबको शैलेंद्र के सुसाइड करने की जानकारी दी।
पांच साल पहले हुई थी शादी, 20 दिन पहले दूसरे बेटे का हुआ जन्म
युवक की पांच साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बेटे हैं। दूसरे का जन्म 20 दिन पहले ही हुआ है। डिलीवरी के चलते पत्नी मायके गई हुई है। जबकि शैलेंद्र माता-पिता से अलग घर के बगल में ही मकान बनाकर रह रहा था। पुलिस का कहना है कि युवक शराब पीने का आदी था। युवक को तेज बुखार और पत्नी के मायके में होने के कारण वह परेशान था। फिलहाल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/news/youth-commits-suicide-by-hanging-himself-from-fan-in-bilaspur-chhattisgarh-127967612.html
एक टिप्पणी भेजें