विश्व भ्रष्टाचार निवारण दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास से एन्टी करप्शन ब्यूरो एवं राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की वेबसाइट acbeow.cg.gov.in का लोकार्पण किया। यह वेबसाइट छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की प्रथम वेबसाइट है। इसकी मदद से कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और कार्रवाई के संबंध में जानकारी ले सकते हैं। जनता द्वारा भ्रष्टाचार की शिकायत एवं जागरुकता के लिये हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सअप नंबर 8827461064 भी जारी किया गया है।
भ्रष्टाचार के प्रति जनता को जागरूक करने के मकसद से खास पोस्टर भी बनाया गया है, जिसका सीएम ने विमोचन किया। इस पोस्टर को सभी शासकीय कार्यालयों में लगाया जाएगा, ताकि लोग भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए प्रेरित हो सकें। विमोचन समारोह में ईओडब्ल्यू और एसीबी के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा एकत्र की गई एक लाख 25 हजार रूपए की सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
सीएम बोले- प्रशासनिक कार्याें में आएगी कसावट
कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आर्थिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरुद्ध ईओडब्ल्यू और एसीबी द्वारा की जा रही कार्रवाइयों की जानकारी अब वेबसाइट के माध्यम से सर्व-सुलभ होगी। लोग भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इस महत्वपूर्ण कदम से प्रशासनिक कार्यों में कसावट आएगी। इस मौके पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सीएम के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव अलरमेलमंगई डी. उप पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक ईओडब्ल्यू एवं एसीबी आरिफ एच. शेख मौजूद रहे।
ऐसे कर सकेंगे शिकायत
आरिफ एच शेख ने बताया कि रिश्वत लेने, देने, पद के दुरुपयोग द्वारा शासकीय संपत्ति के गबन जैसी शिकायत हेल्प लाइन नंबर 1064, या acbeow.cg.gov.in पर सीधे कर सकेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/launch-of-acb-eow-website-every-person-will-be-able-to-directly-connect-with-the-campaign-to-eradicate-corruption-127998053.html
एक टिप्पणी भेजें