विवि-कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से शुरू हो सकती है पढ़ाई, कुलपतियों से मांगा सुझाव

कोरोना संक्रमण की वजह से कॉलेज व यूनिवर्सिटी में क्लास रूम टीचिंग बंद है। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से कक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। कॉलेज व यूनिवर्सिटी दोनों जगह चरणबद्ध तरीके से पढ़ाई शुरू करने के संकेत मिल रहे हैं। साइंस व अन्य सब्जेक्ट जिसमें प्रैक्टिकल की जरूरत है उसकी कक्षाएं पहले शुरू होंगी।
कॉलेज व यूनिवर्सिटी खोलने को लेकर उच्च शिक्षा विभाग कुलपतियों से सुझाव मांगेगा। इससे पहले 2 दिसंबर को उच्च शिक्षा की कुलपतियों के साथ विभिन्न मामले को लेकर बैठक है। इस बैठक में भी कॉलेज खोलने को लेकर चर्चा की जा सकती है। इससे पहले, मार्च से कॉलेज व यूनिवर्सिटी में क्लास रूम टीचिंग बंद है। कोरोना की वजह से न सिर्फ पढ़ाई प्रभावित हुई बल्कि परीक्षाओं पर भी असर पड़ा। परीक्षाएं देर से आयोजित की गईं। नए सत्र में कॉलेज व यूनिवर्सिटी में क्लासरूम टीचिंग शुरू करने के संबंध में कुछ दिन पहले छात्र, शिक्षक, पैरेंट्स समेत अन्य से फीडबैक मांगा गया था। अधिकांश ने दिसंबर से कक्षाएं शुरू करने करने के लिए कहा था। इसे लेकर कॉलेजों में दो नवंबर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की गई। सभी कॉलेज अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन कर रहे हैं। इस बीच एक बार फिर क्लासरूम टीचिंग को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। शिक्षाविदों का कहना है कि कोरोना संक्रमण का डर अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज व यूनिवर्सिटी में क्लासरूम टीचिंग शुरू हो सकती है। एक साथ फर्स्ट ईयर की सभी कक्षाएं शुरू करने से दिक्कत आ सकती है। इसलिए चरणबद्ध तरीके से कक्षाओं में पढ़ाई शुरू होगी।

नए छात्रों को नहीं मिला कैंपस, अब भी इंतजार
इस साल ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में प्रवेश पाने वाले छात्रों को अब तक कैंपस नहीं मिला है। आमतौर पर जून से एडमिशन शुरू होते हैं और जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जाती हैं। लेकिन इस बार नवंबर खत्म होने के बाद भी नए छात्रों की कैंपस में चहलकदमी नहीं दिखी है। छात्र भी कॉलेज आने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ छात्रों ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई जरूर हो रही है लेकिन इसमें ज्यादा कुछ समझ नहीं आता। बारहवीं की परीक्षा के बाद यह सोचा था कि रिजल्ट आने पर प्रवेश लेंगे फिर कॉलेज जाएंगे। नए कैंपस में नए-नए दोस्त बनेंगे। लेकिन कोरोना की वजह से क्लास रूम टीचिंग शुरू नहीं हुई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/studies-can-be-started-in-university-colleges-in-a-phased-manner-sought-suggestions-from-vice-chancellors-127965585.html

Post a Comment

और नया पुराने