धान खरीदी केंद्रों में चौपाल लगाएगी भाजपा, कृषि बिल के फायदे बताएगी

भाजपा सभी धान खरीदी केंद्रों में किसान चौपाल लगाएगी। इसमें किसानों को कृषि बिल की खूबियों और राज्य सरकार की खामियों व अव्यवस्थाओं के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए 14, 15 और 16 दिसंबर को तीन दिन का कार्यक्रम तय किया गया है। शनिवार को कोर ग्रुप की बैठक में इस पर चर्चा होगी। इसके बाद विधायक दल की बैठक भी रखी गई है।
भाजपा के मुताबिक दिल्ली में किसान आंदोलन को कांग्रेस समर्थन दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में जो अव्यवस्थाएं हैं, उन्हें लेकर दोहरा रवैया है। इसे उजागर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, संगठन महामंत्री पवन साय की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल मीटिंग रखी गई। इस मीटिंग में तय किया गया है कि 14 दिसंबर को प्रदेश के नेता सभी जिलों में प्रेस कांफ्रेंस कर कृषि बिल के बारे में कांग्रेस द्वारा जो भ्रम फैलाया जा रहा है, उसके बारे में बताएंगे। इसके अलावा राज्य में किसानों की आत्महत्या, पंजीयन नहीं होने, गिरदावरी में गड़बड़ी, बारदाने की कमी जैसे मुद्दों को सामने लाएंगे। 15 दिसंबर को सभी 2048 धान खरीदी केंद्रों में किसान चौपाल लगाएंगे। चौपाल में भाजपा के वक्ता किसानों को कृषि बिल से होने वाले लाभ के बारे में बताएंगे। साथ ही, धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्था को सामने लाएंगे। 16 दिसंबर को सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

भाजपा प्रभारी नितिन की पोस्ट पर कार्यकर्ता ने सौदान को दी अंबिकापुर जिताने की चुनौती
भाजपा के एक कार्यकर्ता ने सह प्रभारी नितिन नवीन के सोशल मीडिया पेज पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह को ही चुनौती दे दी। नितिन ने इस पर आपत्ति करते हुए कार्यकर्ता को सही प्लेटफॉर्म पर बात रखने के लिए कहा है। साथ ही, कार्यकर्ता का नंबर भी मांगा है। अंबिकापुर के कैलाश मिश्रा नाम के कार्यकर्ता ने अंबिकापुर में लगातार तीन बार भाजपा प्रत्याशी की हार को लेकर सवाल खड़े किए। साथ ही, सौदान को 90 में से सिर्फ अंबिकापुर सीट को जिताने की चुनौती दी। मिश्रा ने बाकायदा तीन चुनावों में हुई हार का आंकड़ा देते हुए सवाल खड़े किए हैं।

भाजयुमो ने जलाया ममता बनर्जी का पुतला
भाजपा युवा मोर्चा ने शुक्रवार को पं. बंगाल में हुई घटना के विरोध में ममता बनर्जी का पुतला जलाया। तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पं. बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया था। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी व कार्यकर्ता मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/bjp-will-put-chaupal-in-paddy-procurement-centers-will-explain-the-benefits-of-agriculture-bill-128003398.html

Post a Comment

और नया पुराने