एक ओर जहां यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं काे राेकने 3 दिन तक विशेष अभियान चलाकर 100 वाहनों पर कार्रवाई की। तो ठीक इसके बाद 24 घंटे के भीतर जिले में कटघोरा, दर्री और करतला क्षेत्र के सड़कों पर अलग-अलग 3 सड़क हादसे हुए। इसमें करतला में बाइक सवार दो युवकों और दर्री में बाइक के बेकाबू होकर गिरने से ट्रेलर के पिछले पहिए की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं कटघोरा में बस ने बाइक को ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार भांजे की मौत हो गई और मामा व उसका 8 वर्षीय बेटा बाइक समेत बस के नीचे फंसकर बाल-बाल बच गए। दो हादसे बाइक चालकों के लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हुई है। वहीं दर्री में राखड़ परिवहन में लगे हाइवा चालक के ओवरटेक करने के चक्कर में सीएएफ जवान की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामले में आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सड़क पार करते समय बस की चपेट में आए
कटघोरा थाना के जटगा चौकी के मैनगड़ी (तुमान) निवासी 42 वर्षीय पैतरूस केरकेट्टा के घर बिलासपुर कोटा से भांजा 19 वर्षीय अमित कुजूर आया था। दोपहर को पैतरूस अपने 8 वर्षीय बेटे फिलिप व भांजा को लेकर कटघोरा जाने बाइक से निकला। 12.30 बजे वे कटघोरा पहुंचे, जहां पशु चिकित्सालय के सामने बिना हाथ दिए सड़क पार करने लगे। तब अंबिकापुर से कोरबा जा रही राजधानी बस सीजी-11-डीबी-4500 के चपेट में आ गए। हादसे में अमित की मौत हो गई, जबकि बाइक समेत पीछे बैठे पैतरूस और फिलिप बस के नीचे फंस गए। चालक मो. शरीफ बस से भाग गया।
ओवरटेक करने हाइवा चालक ने ठोका, मौत
कोरबा-कटघोरा मार्ग पर दर्री के सिंचाई काॅलोनी के पास ओवरब्रिज पर धनरास डेम से राखड़ लेकर मानिकपुर खदान जा रहे हाइवा ने सामने जा रहे बाइक से ओवरटेक करने का प्रयास करते हुए टक्कर मार दिया। इससे बाइक समेत चालक वीरेंद्र भगत (जशपुर) फेंका गया। सिर पर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा को किनारे खड़ा करके चालक भाग गया। मृतक वीरेंद्र भगत सीएएफ (संकरी बटालियन) का जवान था, जो वर्तमान में प्रगतिनगर स्थित पीटीएस में तैनात था। वह सुबह दर्री से ड्यूटी करने पीटीएस जा रहा था।
ठोकर से खंभे से टकराई बाइक, 2 की मौत
करतला थाना क्षेत्र में हाटी-उरगा रोड पर बाइक सीजी-13-एएफ-5705 में सोमवार दोपहर 2 बजे कसाईपाली निवासी 19 वर्षीय शशिभूषण राठिया और बिर्रा निवासी 18 वर्षीय अमरता राठिया जा रहे थे। बाइक शशि चला रहा था। इस दौरान चचिया बस स्टैंड मोड़ पर उरगा से हाटी की ओर बाइक चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते जा रहा था, जो शशिभूषण की बाइक को टक्कर मार कर भाग गया। इससे शशिभूषण की बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे सिग्नल खंभा से टकरा गई, जिससे बाइक में सवार दोनों युवक की हेड इंजूरी के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना रोकने यातायात नियमों का पालन जरूरी
यातायात पुलिस विभाग के प्रभारी व आरआई संजय साहू ने कहा यातायात पुलिस और परिवहन विभाग समय-समय पर प्रमुख मार्गों पर वाहन जांच करता है। वाहन चालकों को समझाइश भी देते हैं, लेकिन लापरवाही और तेज रफ्तार वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करेंगे तभी दुर्घटना रुकेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/bilaspur/korba/news/four-dead-including-bike-driver-father-and-son-injured-cause-drivers-negligence-127970810.html
एक टिप्पणी भेजें