नवा रायपुर लिथियम ऑयन बैटरी और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की फैक्ट्री लगाएगा हीरा ग्रुप, राजनांदगांव और बस्तर में भी लगेंगे कारखाने

छत्तीसगढ़ खासकर नवा रायपुर में उद्योगीकरण की उम्मीद एक बार फिर परवान चढ़ती दिख रही है। औद्योगिक समूह हीरा ग्रुप ने नवा रायपुर में लिथियम ऑयन बैटरी और इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाले दो कारखानों की स्थापना के लिए राज्य सरकार से करार किया है।

यह समूह रायपुर और राजनांदगांव में सोलर पॉवर प्लांट लगाने की तैयारी में है। वहीं बस्तर में इस्पात संयंत्र की स्थापना के लिए भी करार हुआ है। इन परियोजनाओं में 2 हजार 576 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश होगा।

उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया, विभाग के साथ हुए करार के मुताबिक हीरा ग्रुप की कंपनी नैनोआॅयन बैटरीज प्राइवेट लिमिटेड, नवा रायपुर के ईएमसी सेक्टर-22 में लिथियम ऑयन बैटरी निर्माण संयंत्र लगाएगा। इसमें 50 हजार बैटरी निर्माण की क्षमता होगी। इसके लिए 13 करोड़ 5 लाख रुपए का निवेश प्रस्तावित किया गया है।

इस प्लांंट में 110 लोगों को रोजगार मिलेगा। हीरा ग्रुप की एक और कंपनी गोदावरी इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड, नवा रायपुर के ईएमसी सेक्टर-22 में ही विभिन्न प्रकार के 40 हजार इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण संयंत्र की स्थापना करेगी। इसके लिए 17 करोड़ 71 लाख रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इसमें 148 लोगों को रोजगार मिलना है।

मेसर्स स्प्रिंग सोलर पावर प्राइवेट लिमिटेड, राजनांदगांव जिले में सोलर पॉवर प्लांट लगाने जा रहा है। इसके लिए 245 करोड़ रुपए का निवेश होना है। इसमें 280 लोगों को रोजगार मिलना है।

वहीं गोदावरी पॉवर एण्ड इस्पात लिमिटेड, रायपुर संभाग में 1400 करोड़ रुपए और बस्तर संभाग में 900 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश करेगा। इनसे रायपुर संभाग में 6 हजार और बस्तर संभाग में 3 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री के सामने हुआ करार

मुख्यमंत्री निवास में हुए एक सादे समारोह में इन संयंत्रों के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में उद्योग विभाग की ओर से विशेष सचिव वीके छबलानी और हीरा ग्रुप की ओर से सिद्धार्थ अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए।

इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, उद्योग विभाग के संचालक अनिल टुटेजा और हीरा ग्रुप के पदाधिकारी मौजूद रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
हीरा ग्रुप प्रदेश के बड़े उद्योग समूहों मे से एक है। निवेश के नये प्रस्ताव से सरकार में उत्साह है।


source https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/news/heera-group-will-set-up-a-factory-for-lithium-ion-battery-and-electric-vehicles-in-nava-raipur-128065152.html

Post a Comment

और नया पुराने